पंजाबी युवक को ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने पत्नी के सामने पीटा:सड़क पर पटका, गर्दन को घुटने से दबाया; पत्नी बोली- हम बस बहस कर रहे थे

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में पंजाब के रहने वाले गौरव कुंडी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बर्बरता की। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जमीन पर गिराया और गर्दन पर घुटना रखकर दबाया। इससे उनका सिर कार और सड़क से टकराया और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। गौरव की पत्नी अमृतपाल कौर ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें गौरव चिल्लाते हुए कह रहे हैं- “मैंने कुछ गलत नहीं किया।” अमृतपाल बार-बार पुलिस से विनती करती रहीं, लेकिन अधिकारियों ने बल प्रयोग जारी रखा। अब गौरव कोमा में हैं और एडिलेड के रॉयल अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उनके दिमाग को गंभीर क्षति पहुंची है। उनकी हालत बेहद नाजुक है। अब पढ़िए क्या है पूरा मामला.. झगड़े को पुलिस ने समझा घरेलू हिंसा, पहुंच गई टीम
घटना गुरुवार (29 मई) सुबह एडिलेड के ईस्टर्न सबर्ब्स स्थित पायनेहम रोड की है। गौरव और उनकी पत्नी अमृतपाल कौर के बीच यहां पर बहस हो रही थी। अमृतपाल ने खुद बताया है कि उस वक्त उनके पति गौरव शराब के नशे में थे और वह ऊंची आवाज में बोल रहे थे, लेकिन किसी तरह की मारपीट नहीं हो रही थी। तभी पुलिस की एक यूनिट वहां पहुंची और इसे घरेलू हिंसा का मामला समझ लिया। पुलिस ने गिराया, दबाया, सिर टकराया
अमृतपाल ने बताया कि पुलिस ने गौरव को पहले जमीन पर गिराया, फिर गले पर घुटना रख दिया। उनका सिर पहले पुलिस की गाड़ी और फिर सड़क से टकराया। गौरव चिल्लाते रहे, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने एक नहीं सुनी। इसके बाद गौरव बेहोश हो गए। उसी वक्त वह मोबाइल से वीडियो बना रही थी। पत्नी ने वीडियो बनाया लेकिन डर गई
अमृतपाल कौर ने घटना का कुछ हिस्सा रिकॉर्ड किया है। वीडियो में गौरव चीखते हैं और अमृतपाल रोते हुए उन्हें छोड़ने की गुहार लगाती हैं, लेकिन जब पुलिस ने गौरव की छाती और गर्दन पर दबाव बढ़ा दिया, तो वह डर गईं और रिकॉर्डिंग बंद कर दी। उन्होंने कहा, मैंने पुलिस से कहा कि उन्हें अस्पताल ले चलो, थाने नहीं। हालत नाजुक, डॉक्टर बोले- दिमाग पूरी तरह क्षतिग्रस्त
गौरव को एडिलेड के रॉयल अस्पताल ले जाया गया, जहां वे अभी भी ICU पर हैं। डॉक्टरों ने कहा अगर दिमाग ने काम करना शुरू किया, तभी ठीक होंगे, वरना नहीं। गौरव 2 बच्चों के पिता हैं। पुलिस ने दी सफाई, कहा- ट्रेनिंग के अनुसार कार्रवाई की
साउथ ऑस्ट्रेलिया पुलिस कमिश्नर ग्रांट स्टीवंस ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी ट्रेनिंग के मुताबिक ही कार्रवाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बॉडीकैम फुटेज की जांच की जा रही है और आंतरिक जांच शुरू हो चुकी है। पुलिस का दावा है कि गौरव ने गिरफ्तारी का विरोध किया, इसलिए बल प्रयोग करना पड़ा। कमिश्नर ने जताई मौत की आशंका, बोले- हमें तैयार रहना होगा
पुलिस कमिश्नर स्टीवंस ने कहा कि, “हमें उम्मीद है कि गौरव ठीक हो जाएंगे, लेकिन स्थिति को देखते हुए हमें इसके लिए तैयार रहना होगा कि शायद उनकी मौत भी हो सकती है।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *