भास्कर न्यूज | लुधियाना एक पंजाबी महिला सिंगर ने पटियाला निवासी एक व्यक्ति पर गीतों की कैसेट रिलीज करवाने का झांसा देकर रेप और पैसे ठगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह गीतों की ट्रेनिंग ले रही थी और उसके कई गाने यूट्यूब पर आ चुके थे। जून 2024 में उसकी फोन पर राजविंदर सिंह निवासी बाजवा कॉलोनी, पटियाला से बातचीत शुरू हुई। बातचीत के बाद दोनों की मुलाकात हुई और आरोपी ने उसे म्यूजिक इंडस्ट्री में आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। आरोप है कि 19 मार्च 2025 को आरोपी ने उसे अपने जीजा परमजीत के घर बुलाया। वहां उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। उसी दिन आरोपी ने मोबाइल के जरिए उससे पैसे भी डलवाए और कहा कि वह उसकी कैसेट निकलवाएगा और गाने मार्केट में लॉन्च करवाएगा। पीड़िता ने भरोसा कर अलग-अलग समय पर कुल 1.91 लाख रुपये दे दिए, लेकिन बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता ने 17 सितंबर 2025 को पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामला मार्च 2025 का होने के कारण तत्काल शिकायत नहीं की गई थी। देरी से शिकायत मिलने पर तथ्यों की पुष्टि करना मुश्किल था, इसलिए जांच में समय लगा। जांच के बाद तथ्यों की तस्दीक करते हुए 28 जनवरी 2026 को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच अधिकारी एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


