पंजाब के जिला लुधियाना के कस्बा समराला की अदालत ने पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को समन जारी कर दिया है। उन्हें 2 सितंबर को अदालत में पेश होने के लिए कहा गया है। सिंगर रंधावा अपने नए गीत ‘सिरा’ को लेकर विवादों में घिर गए है। दरअसल, यह कार्रवाई उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘सिरा’ में कथित आपत्तिजनक बोल के खिलाफ एक शिकायत के बाद की गई है। “जम्यां नु गुढ़ती च मलिता अफ़ीम ऐ” शब्द को लेकर एडवोकेट ने जताई आपत्ति एडवोकेट गुरवीर सिंह ढिल्लों के अनुसार समराला के राजदीप सिंह मान ने शिकायत दर्ज करवाई है याचिकाकर्ता ने गाने की एक पंक्ति “जम्यां नु गुढ़ती च मलिता अफ़ीम ऐ” पर आपत्ति जताई है। उन्होंने तर्क दिया कि “गुढ़ती” शब्द का प्रयोग अपमानजनक है, क्योंकि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में इस शब्द का विशेष महत्व है। एडवोकेट ने पहले भेजा था कानूनी नोटिस एडवोकेट ढिल्लों ने बताया कि गायक को पहले एक कानूनी नोटिस भेजा गया था, जिसमें गीत को हटाने या उसके बारे में स्पष्टीकरण देने की मांग की गई थी। मामला सुलझ न पाने पर, मामला अदालत में ले जाया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें समन जारी किया गया। गायक को अब 2 सितंबर को समराला अदालत में पेश होना है, जहां मामले की सुनवाई होगी। इस विवाद ने सांस्कृतिक और धार्मिक संवेदनशीलताओं के अनुरूप गीत चुनने में कलाकारों की जिम्मेदारी पर बहस छेड़ दी है।


