पंजाब की टेक्सटाइल कंपनी ट्राइडेंट ने नई दिल्ली में भारत टेक्स 2025 में अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। इसमें 4 से लेकर 40 हजार रुपए तक की कीमत वाले टॉवल प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में देश-विदेश से आए खरीदारों में टॉवल की शृंखला चर्चा में रही। इस मौके पर कंपनी प्रबंधन ने अपनी विस्तार योजना का भी ऐलान किया। बताया कि वर्ष, 2027 तक उत्पादन तीन गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि लक्ष्य को पूरा करने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 1000 करोड़ रुपए का पूंजीगत निवेश करने की योजना है। एनर्जी बिजनेस में सस्टनेबिलिटी और आधुनिकीकरण पर फोकस
कंपनी होम टेक्सटाइल, यार्न और एनर्जी बिजनेस में सस्टनेबिलिटी और आधुनिकीकरण पर फोकस करेगी। घरेलू ब्रांड ‘माय ट्राइडेंट’ के तहत ‘लक्स होम बाय माय ट्राइडेंट’ लॉन्च कर लग्जरी सेगमेंट में प्रवेश किया है। कपड़ा उद्योग को नई दिशा देंगे: गुप्ता
कंपनी के संस्थापक पद्मश्री राजिंदर गुप्ता ने कहा कि इनोवेशन और सस्टनेबिलिटी के माध्यम से कपड़ा उद्योग को नई दिशा देंगे। उन्होंने भारत टेक्स 2025 को ऐतिहासिक आयोजन बताया। वर्तमान में कंपनी का 122 देशों में व्यापार है। पंजाब के लुधियाना, बरनाला, धौला और मध्य प्रदेश के बुदनी में विनिर्माण संयंत्र हैं।


