पंजाब की चार बेटियां सेना में अफसर बनेंगी। इनका चयन नेशनल डिफेंस अकैडमी (एनडीए), एयर फोर्स एकेडमी, इंडियन नेवल एकेडमी और ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी के लिए हुआ है। यह सारी मोहाली स्थित माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रेपरेटरी इंस्टीट्यूट फॉर गर्ल्स में पढ़ाई कर रही हैं। सभी पंजाब के छोटे शहरों से संबंधित है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने चुनी गई कैडेट को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि इन कैडेटों की शानदार प्राप्ति पंजाब की अन्य बेटियों को भी रक्षा सेवाओं में कमीशंड अफसर के तौर पर करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। इन परिवारों से जुड़ी है कैडेट नैन्सी नेशनल डिफेंस एकेडमी में ज्वाइन करने जा रही हैं। वह पंजाब के एक जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रिंसिपल सवरनजीत कौर निझ्झर की बेटी हैं। निशा इंडियन नेवल एकेडमी में ज्वाइन करने जा रही हैं, वह पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला के सीनियर सहायक दिनेश चंद्र की बेटी हैं। चेन्नई में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में ज्वाइन करने जा रही कैडेट दीक्षा पठानकोट निवासी कारोबारी पवन कुमार की बेटी हैं। इसी तरह एयर फोर्स एकेडमी की फ्लाइंग ब्रांच के लिए चुनी गई हरसिमरत कौर ब्यास से भारतीय फौज के पूर्व सूबेदार रविंदरजीत सिंह की बेटी हैं। 2023 में एनडीए की कोचिंग शुरू हुई मंत्री अरोड़ा ने बताया कि सीएम भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने साल 2023 में माई भागो एएफपीआई में लड़कियों के लिए एनडीए प्रेपरेटरी विंग शुरू किया था। यह संस्था निःसंदेह पंजाब का मान है। संस्थान के डायरेक्टर, मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू, एवीएसएम. (सेवामुक्त) ने कहा कि इससे पंजाब की अन्य बेटियों को रक्षा सेवाओं में कमीशनड अफसर बनाने संबंधी किए जा रहे उनके यत्नों को बल मिलेगा।


