पंजाब की बहादुर बेटी लुटेरे से अकेले भिड़ गई,VIDEO:कैश नहीं ले जाने दिया, घबराया लुटेरा चाकू छोड़ भागा; बोलीं- जो सही लगा, किया

पंजाब के लुधियाना में मनी ट्रांसफर के ऑफिस में काम करने वाली लड़की लुटेरे से भिड़ गई। लुटेरे ने गल्ले से कैश लूटने की कोशिश की तो लड़की उस पर झपट पड़ी। लड़की ने उसके मुंह से नकाब नोचने की कोशिश की तो लुटेरा बुरी तरह से घबरा गया। इसके बाद लुटेरा बैरंग भाग निकला। लड़की का मुकाबले करने से हैरान लुटेरा चाकू तक वहीं छोड़ गया। इस पूरे मामले की CCTV फुटेज सामने आई है। जिसमें दिख रहा है कि लड़की लुटेरे के चाकू से भी नहीं घबराई और मुकाबला कर लूट की वारदात को नाकाम कर दिया। लड़की का नाम सोनी वर्मा है। दैनिक भास्कर एप से बातचीत में लुटेरे से डर के सवाल पर सोनी ने कहा कि उसे जो सही लगा, वह कर दिया। जिस ऑफिस में वह काम करती है, उसके होते हुए वहां लूट कैसे हो सकती है। बस यही सोचकर उसमें हिम्मत आई और वह चाकू लेकर आए लुटेरे से भिड़ गई। युवती ने कैसे नाकाम की लूट, 7 PHOTOS… अब पूरी घटना के बारे में जानिए…
हंबड़ा की मेन मार्केट में जतिन गर्ग का गर्ग ऑनलाइन सॉल्यूशन के नाम से मनी ट्रांसफर का ऑफिस है। जहां सोनी वर्मा काम करती है। 22 दिसंबर को अचानक यहां एक लुटेरा आया। उसने मुंह पर नकाब पहना था और हाथ में चाकू ले रखा था। उस वक्त सोनी अकेले ही ऑफिस में थी। लुटेरे ने आते ही चाकू दिखाया और सोनी को लिफाफा पकड़ाकर कहा कि जो भी कैश है, सब इसमें भर दे। अचानक लुटेरे को देख पहले तो सोनी घबरा गई। लेकिन उसने हिम्मत से काम लिया। उसने रुपए नहीं दिए। यह देख लुटेरे ने खुद ही गल्ले में हाथ डालकर कैश निकालना शुरू कर दिया। इस पर सोनी ने हिम्मत जुटाकर उसके चेहरे पर लगा नकाब उतारना शुरू कर दिया। लुटेरे को इसकी उम्मीद नहीं थी कि चाकू की नोक पर एक लड़की इतनी हिम्मत दिखाएगी। वह एकदम से घबरा गया। गल्ले से कैश समेटना छोड़ वह तुरंत बाहर की तरफ भाग निकला। इस हड़बड़ाहट में उसका चाकू भी वहीं छूट गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद लड़की की बहादुरी सामने आई है। सोनी ने बताई, उस वक्त क्या हुआ, कैसे लुटेरे का सामना किया
इस बारे में दैनिक भास्कर एप ने सोनी वर्मा से घटना के बारे में बातचीत की। जिसमें उन्होंने बताया कि उस वक्त क्या हुआ और कैसे उन्होंने बिना डरे लुटेरे का सामना किया। सवाल: घटना वाले दिन क्या हुआ था?
सोनी: 22 दिसंबर को सुबह 11 बजे का टाइम था। लुटेरा बाहर खड़ा था। चाकू लेकर आया और कहा कि पैसे निकालो। मैं एक बार डर गई। पीछे हट गई। मेरे हाथ में फोन था। भैया काे फोन कर रही थी। सेकेंड का काम था। आते ही उसने गल्ले पर हाथ डाल दिया। फिर मैंने उसको एक हाथ से पकड़ा और नीचे खींचा। उसके मुंह से नकाब हटाने की कोशिश की। इसके साथ मैं जोर से चिल्लाई, जिसकी वजह से वो डर गया और उसने चाकू वहीं गिराया और खुद भाग गया। सवाल: लुटेरा कौन था?, क्या पहले भी दुकान पर आता था?
सोनी: नहीं पता, उसका पूरा फेस कवर था तो इसलिए पता नहीं लगा कि वो कौन था। सवाल: उस वक्त किसी और ने आपकी मदद की?
सोनी: बाहर बहुत लोग थे। मैं चिल्ला रही थी कि उसे पकड़ो। लेकिन कोई आगे नहीं आया। बाद में सभी यहां पर आए। अगर लोग आगे आते तो उसे उसी दिन पकड़ लेते। पैदल ही आया था और पैदल ही भागा था। सवाल: पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की?
सोनी: पहले तो पुलिस नहीं आई थी। लेकिन अब जब वीडियो सामने आया तो इस मामले की जांच करने आई थी। पुलिस बोली- वीडियो में लड़की ने मुकाबला किया, जल्द पकड़ेंगे
इस मामले को लेकर थाना हंबड़ा के ASI गुरचरणजीत सिंह ने कहा कि यह हंबड़ा के मुल्लापुर रोड का वीडियो है, जहां एक मनी एक्सचेंजर की दुकान पर लड़की काम करती है। वहां एक लुटेरा चाकू लेकर लूट की नीयत से आया था। लेकिन लड़की ने बहादुरी से लूट करने से रोक लिया। इसकी कोई कंप्लेंट नहीं आई थी, मगर अब बुधवार सुबह जानकारी मिली है। जांच में पता चला कि वह पैदल ही आया था। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *