पंजाब के शाही इमाम उस्मान लुधियानवीं पर अटैक:मस्जिद के बाहर बनी दुकानों का विवाद, ईंटों से किया हमला, 3 पर केस दर्ज

शाही इमाम पंजाब सहित 3 लोगों पर जामा मस्जिद, जेल रोड के बाहर तीन लोगों ने अटैक कर घायल कर दिया है। हमलावरों ने शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवीं, मस्जिद कार्यालय प्रबंधक और एक अन्य व्यक्ति पर ईंटे बरसाई है। घटना के पीछे मस्जिद परिसर में बनी दुकानों को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान ब्राउन रोड निवासी उबैद-उर-रहमान, उसके बेटे अतीक-उर-रहमान और मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है। नवीनीकरण के दौरान हुआ विवाद
मामले में शिकायत मस्जिद कार्यालय प्रभारी मोहम्मद मुजाहिद ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जामा मस्जिद का नवीनीकरण चल रहा है, जिसकी निगरानी खुद शाही इमाम कर रहे हैं। 1 फरवरी को जब शाही इमाम मस्जिद पहुंचे तो आरोपी वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन लोगों ने ईंट से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब उन्होंने और शाह नवाज ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आस-पास के लोग जमा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस को सूचना देकर शिकायत दी गई। दुकानों को लेकर चल रहा था विवाद पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मस्जिद परिसर में कुछ व्यावसायिक दुकानें हैं, जिन पर आरोपी अपना मालिकाना हक जता रहे थे। पूरे परिसर के नवीनीकरण के चलते दुकानों को लेकर विवाद बढ़ गया। पहले दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन सहमति न बनने पर पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराएं 115(2) (जान बूझकर चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 332-सी (घर में घुसपैठ), 3(5) (सामूहिक मंशा) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *