नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबरें दो अमानवीय घटनाएं हैं। जालंधर में एक बाप ने शराब पीने का मजा खराब करने पर अपनी 5 साल की बेटी को ही मार डाला। वहीं, लुधियाना में डिलीवरी के दौरान मां-बच्चे की मौत हो गई तो बाप नवजात को मनहूस बताकर अस्पताल में छोड़कर भाग गया। चंडीगढ़ की बड़ी खबर दुकान में चोरी से जुड़ी रही, जहां ताले तोड़ने के बाद चोर अंदर पार्टी करते हुए नजर आए। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. बिट्टू बोले- कांग्रेस MP गांधी परिवार के बंधुआ मजदूर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने कांग्रेसियों को आज करारा जवाब दिया। राहुल गांधी से तकरार के बाद कहा जा रहा था कि बिट्टू को इसी पार्टी ने 3 बार सांसद बनाया। इसे लेकर बिट्टू ने कहा है कि अगर मैं कांग्रेस में यूथ प्रधान बना तो चुनाव जीतकर बना। मुझे सांसद का टिकट दिया तो मैं अपनी मेहनत से चुनाव जीता, मैं कांग्रेस के ऊपर कभी बोझ नहीं बना। इससे पहले संसद भवन के बाहर तकरार को लेकर भी बिट्टू ने कहा था कि जब उन्होंने राहुल से हाथ नहीं मिलाया तो राहुल ने फिजिकल अटैक की कोशिश की। (पढ़ें पूरी खबर) 2. डिलीवरी के दौरान मां-बच्चे की मौत, बाप नवजात को मनहूस बताकर भागा लुधियाना में मां की मौत हुई तो बाप ने उसकी कोख से जन्मे बच्चे को मनहूस करार दे दिया। इसके बाद वह पत्नी की डेडबॉडी ले गया, लेकिन अपने नवजन्मे बच्चे की लाश वहीं छोड़ गया। करीब एक महीने तक बच्चे का शव अंतिम विदाई के लिए अस्पताल में पड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने उसके दादा-दादी को ढूंढा, जिसके बाद बच्चे का शव उन्हें सौंपा गया। दादा-दादी ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए बच्चे को अंतिम विदाई दी। (पढ़ें पूरी खबर) 3. नशेड़ी बाप ने की बेटी की हत्या जालंधर में शराबी पिता ने 5 साल की मासूम बेटी को केवल इसलिए मार डाला कि बेटी उसके शराब पीने के बीच में खाना मांगकर उसका मजा खराब कर रही थी। इतने में ही हैवान पिता गुस्से में आ गया और बेटी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मां जब काम से लौटी तो वह घर का मंजर देखकर बेसुध हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसका एक डेढ़ साल का बेटा भी है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. बच्चे पर उबलता पानी गिरा, मां नहलाने ले जा रही थी फाजिल्का के अबोहर में 5 वर्षीय बच्चे शेखर के ऊपर उबलता पानी गिर गया। जब बच्चे की मां उसे नहलाने के लिए गर्म पानी लेकर जा रही थी, तभी बाल्टी अचानक टूट गई और खौलता पानी सीधे बच्चे पर गिर गया। इससे बच्चा बुरी तरह झुलस गया। शेखर अबोहर की ईदगाह बस्ती में रहने वाले विनोद कुमार का बेटा है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. लंच की बात कह अकाली DGP ऑफिस पहुंचे चंडीगढ़ में अकाली दल ने आज कोर कमेटी की मीटिंग की। जिसकी अगुआई प्रधान सुखबीर बादल ने की। इस दौरान मीटिंग के बाद अकाली नेताओं ने पत्रकारों को कहा कि वह लंच करने जा रहे हैं। मगर, अचानक अकाली नेता पंजाब पुलिस के हेडक्वार्टर में DGP ऑफिस में पहुंच गए। जहां उन्होंने नारेबाजी की। सुखबीर बादल ने कहा कि उन्हें 328 पावन स्वरूपों के केस में फंसाने की साजिश हो रही है। उन्होंने DGP को कहा कि अगर मुझे अरेस्ट करना चाहते हो तो कर लो। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 6. चंडीगढ़ में दुकानों का ताला तोड़ चोरों की पार्टी चंडीगढ़ में चोरी का एक रोचक मामला सामने आया है। यहां सेक्टर-34 पुलिस थाने के बिल्कुल पास बूथ मार्केट में 7 चोरों ने 4 दुकानों के ताले तोड़े। फिर अंदर बैठकर पार्टी की। खाना खाया। नमकीन के साथ कोल्ड ड्रिंक पी। इसके बाद दुकानों से सामान समेटकर फरार हो गए। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसके बाद पूरे मामले का पता चला।(पढ़ें पूरी खबर) अन्य खबरें… 7. गोल्डन टेंपल के सेवादारों की वर्दी बदली, चौथी बार बदलाव हुआ अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के सेवादारों की वर्दी बदल दी गई है। नई व्यवस्था के अनुसार, अब गोल्डन टेंपल में तैनात सुरक्षा सेवा दल के सेवादार पीले और गहरे नीले यानी दो रंगों की वर्दी पहने दिखेंगे। साथ ही कंधों पर खंडे की नक्काशी होगी। गले में सफेद रंग का हजूरिया पहनेंगे। सेवादारों की वर्दी में यह बदलाव चौथी बार किया गया है। इससे पहले 2015 से नीले रंग की वर्दी पहनी जाती थी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. पंजाबी सिंगर बोलीं- मेरे साथ साढ़े 9 लाख की ठगी हुई
पंजाबी सिंगर अनीता रानी उर्फ नीतू गर्ग ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उसके साथ साढ़े 9 लाख की ठगी की गई है। HDFC बैंक के पूर्व मैनेजर और कर्मचारी ने मिलीभगत कर उसकी 2 FD खुर्द-बुर्द कर दीं। इस मामले में वह पुलिस को भी शिकायत कर चुकी हैं। इसके अलावा RBI को भी कंप्लेंट भेजी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। (पढ़ें पूरी खबर) 9. महिला ने खुद को आग लगाई, आंगनबाड़ी में हेल्पर थी अमृतसर में एक महिला ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान वंदना (45) के रूप में हुई है। वह स्थानीय अंगनबाड़ी केंद्र में हेल्पर थीं। अंगनबाड़ी की सहकर्मी मनदीप कौर ने बताया कि घटना से करीब आधे घंटे पहले वंदना मेरे साथ थी। जब मैं घर चली गई तो पता चला कि वंदना ने घर में अंदर से कुंडी लगाकर खुद को आग लगा ली। महिला के पड़ोस में ही शादी का समारोह हो रहा था। धुआं उठते देख लोगों को पता चला। (पढ़ें पूरी खबर) 10. लाडोवाल टोल पर अवैध वसूली पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर अवैध वसूली की जा रही है। यहां लुधियाना से जालंधर और जालंधर से लुधियाना आने-जाने वाले भारी वाहनों से अवैध टैक्स वसूला जा रहा है। टोल की लाइन से कुछ दूर पहले ही बदमाश वाहनों को रोककर अवैध वसूली करते हैं। टोल लाइन पर तैनात कर्मचारियों को डराकर फ्री में लेन से वाहनों को निकलवा देते हैं। पुलिस ने इस मामले में 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की दिनभर की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)


