पंजाब महिला आयोग को शिकायत करने पहुंची महिला बोली:पुलिसकर्मी ने थाने में सिर पर जुत्तियां मारी, पैरों के बल बैठाया, ब्लीडिंग हुई

पंजाब राज्य महिला आयोग के सामने अपनी फरियाद लेकर पहुंची एक महिला ने थानों में पुलिस के काम करने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए। पीड़िता ने महिला आयोग की चेयरपर्शन राजलाली गिल के सामने जो बातें कही वो रोंगटे खड़े करने वाली हैं। पीड़ित महिला ने आरोपी पुलिस कर्मी के सामने ही चेयरपर्शन को बताया कि इन्होंने थाने में मेरे सिर पर जुत्तियां ही जुत्तियां मारी। मुझे पैरों के बल बैठाया। ब्लीडिंग हुई फिर भी नहीं पसीजे। पुलिस कर्मी ने धमकाया कि अभी तो कुछ नहीं हुआ जब रात की ड्यूटी वाला नशे में आएगा तब तेरे साथ क्या होगा समझ ले। महिला की बात सुनकर चेयरपर्शन भी गुस्से में आ गई और उन्होंने पुलिस कर्मी को यहां तक कह दिया कि यही सबकुछ अगर तेरे साथ करें तो कैसा लगेगा? महिला की शिकायत सुनने के बाद चेयरपर्शन राजलाली गिल ने आरोपी पुलिस कर्मी के साथ गए अधिकारी को साफ कह दिया कि उस दिन थाने की पूरी सीसीटीवी फुटेज उन्हें दी जाए। चेयरपर्शन ने साफ कह दिया कि अगर ऐसा सच में हुआ होगा तो वर्दी उतरवा दूंगी। महिला बोली शिकायत देने पहुंची थी थाने पीड़िता ने चेयरपर्शन को बताया कि वो अपने किसी मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। थाने में उसे परेशान किया गया। उसका कुछ समय पहले हार्ट का ऑपरेशन हुआ था तो वह थाने में एक मंजे पर बैठी थी। जिसके बाद पुलिस कर्मी ने उसके साथ बहस शुरू की।
चेयरपर्शन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए सुनवाई के अंश चेयरपर्शन राज लाली गिल ने अपने पीड़िता की शिकायत के कुछ अंश सोशल मीडिया प्लेट फार्म पर शेयर किए हैं। चेयरपर्शन ने जिले और थाने का नाम बताने से साफ इनकार कर दिया। उन्हाेंने बताया कि इससे महिला की आईडेंटटी क्लीयर हो जाती है जो कि ठीक नहीं है। राज लाली गिल का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वो समाज के उस वर्ग को साफ संदेश देना चाहती हैं जो महिलाओं पर अत्याचार करता है। उन्होंने कहा कि वो महिला बेहद परेशान थी। जब उसकी शिकायत पहुंची तो उन्होंने आरोपी पुलिस कर्मी के साथ उसके अधिकारी को भी तलब किया था। महिला आयोग की चेयपर्शन के दफ्तर में सुनवाई के दौरान हुई बातचीत…. शिकायतकर्ता: मैडम एक मैडम ने थप्पड़ मारे जी, कान पर। पीछे डंडे मारे। फिर सरजी आए थड़-थड़ तीन थप्पड़ मारे जी। मैं हाथ जोड़ती रही। मेरे सिर पे जुत्तियां ही जुत्तियां मारी। मैं बेहोश हो गई थी। राजलाली गिल: कराऊं तेरी भी ऐसी हालत। मैं इसे कहती हूं कि डंडा उठा, जुत्ति उठा और वही काम कर जो इसने किया था। फिर ठीक रहेगा। तुम देखो कितनी बड़ी बेशर्मी है कि आके कह रहे हो कि कुछ हुआ ही नहीं। मुझे उस दिन की सारी सीसीटीवी फुटेज चाहिए। जब तुम्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाई जाएगी तब क्या हाल होगा तुम्हारा। कुछ अफसोश है जो तुमने किया। कुछ पूछ रही मैं तुमको। डुडू बनकर बैठने से कोई बात नहीं बननी। शिकायतकर्ता: मैडम इन्होंने कहा कि रात को जब दूसरे मुलाजिम पीकर आएंगे तब देखना वो तेरे साथ क्या करते हैं? राजलाली गिल: हां बता ये बात क्या कही थी कि रात जो मुलाजिम पीकर आएंगे वो क्या करेंगे। कक्का तेरे को नहीं पता कि तेरी यूनिफार्म उतार के वही तेरे साथ होगा जो तू इसके साथ करने को कह रहा था। पुलिस अधिकारी: क्या कहा था इसन। शिकायतकर्ता: वहां जनाना लिखा हुआ था। मैं पढ़ी लिखी नहीं हूं। इसने मुझे कहा कि यहां रात को जो पीकर आएगा वो तेरे साथ क्या करेगा तुझे पता नहीं लगना। उसके बाद मैं वहां पर बेहोश हो गई थी। मैंने कहा था मैं हार्ट की मरीज हूं। इन्होंने मुझे फर्श पर पैरों के भार बैठाया। मैंने इन्हें कहा कि मेरा ऑपरेशन हुआ है ऐसे बैठ के मेरी ब्लीडिंग हो जाती है। इसने मुझे कहा कि मंजे पर क्यों बैठी है पैरों के भार बैठ। मैंने इन्हें कहा कि मैं नहीं बैठ सकती हूं मेरा ऑपरेशन हुआ है मैं हार्ट की मरीज हूं। जब मैं बैठी तो ब्लीडिंग हो गई। राजलाली गिल: पैरों के भार बैठने के लिए किसने कहा था तुम्हें। शिकायतकर्ता: इन सरजी ने। मेरे से नहीं बैठा गया। राजलाली गिल: कक्का मैं तेरे को कहती हूं कि पैरों के भार बैठ जा। तेरे से नहीं बैठा जाएगा क्योंकि तेरा एक्सीडेंट हुआ है। पैर में चोट है। इसी तरह वो हार्ट की मरीज है उसका ऑपरेशन हुआ है। वो रो रही थी। अब मैं तेरे को बोलती हूं कि जैसे मर्जी बैठ पर तू पैरों के भार बैठ फिर क्या करेगा। राजलाली गिल: तेरा खाली लाइन हाजिर करने से काम नहीं बनना। इनकी यूनिफार्म उतारो जी। लाइन हाजिर करने से मेरी सेटिसफेक्शन नहीं है। ये डिसमिस होना चाहिए। तेरी हिम्मत कैसी हुई कि एक लेडिज के सिर पर जुत्तियां मारने की। नहीं मारी तो क्यों रो रही है वो। तेरे साथ इसकी कोई दुश्मनी है। क्याें कह रही है ये तेरे को फिर से। रब्ब से डरो। अभी तो तेरी एक ही लात टूटी है। बिल्कुल बत्तमीजी की है इन्होंने। तेरा लाइन हाजिर से काम नहीं चलना तुझे तो डिसमिस करवाऊंगी। मैं यही ऑर्डर करवाऊंगी। सीसीटीवी फुटेज की है तलब चेयरपर्शन राजलाली गिल का कहना है कि उन्होंने पुलिस अधिकारी से उस दिन का सीसीटीवी फुटेज तलब किया है। उन्होंने कहा कि महिला के साथ सच में अत्याचार हुआ है तो पुलिस कर्मी के खिलाफ सख्त एक्शन लेने को कहा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *