अमृतसर| भाजपा पंजाब के पूर्व मीडिया प्रमुख गौरव भंडारी ने कहा है कि मौजूदा समय में पंजाब की कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण हालात में ईमानदार, निर्भीक और कर्तव्यनिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुखचैन सिंह गिल को आईजीपी इंटेलिजेंस जैसे अहम पद पर नियुक्त किया जाना राज्य के हित में एक निर्णायक और आवश्यक कदम है। गौरव भंडारी ने कहा कि सुखचैन सिंह गिल अमृतसर में कमिश्नर ऑफ पुलिस के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके नेतृत्व में कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और किसी भी तरह के राजनीतिक या बाहरी दबाव से समझौता नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे सीमावर्ती और संवेदनशील राज्य में मजबूत इंटेलिजेंस तंत्र की सबसे अधिक जरूरत है। वर्तमान हालात में जब राज्य को सख्त प्रशासनिक इच्छाशक्ति और प्रभावी खुफिया व्यवस्था की आवश्यकता है, तब सुखचैन सिंह गिल की नियुक्ति से न केवल आंतरिक सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि कानून-व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिलेगा।


