पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से अचानक पहले पूर्व CM व जालंधर सांसद ने कांग्रेस में दलित कार्ड खेल दिया। चन्नी ने मुद्दा उठाया कि पार्टी प्रधान, विधायक दल नेता, महिला विंग प्रधान… सब अपर कास्ट हैं, दलित कहां जाएं। चन्नी के निशाने पर पार्टी के जट्ट सिख नेता रहे। यूं तो इसके पीछे की वजह दलितों को पार्टी में भागीदारी है लेकिन सियासी जानकार मानते हैं कि ये लड़ाई मुख्यमंत्री चेहरा बनने की है। चन्नी मान रहे थे कि 2022 की तरह 2027 में भी वह कांग्रेस का CM चेहरा होंगे। उनकी उम्मीद को झटका तब लगा, जब पार्टी के इंचार्ज व छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल ने कास्टिज्म के सवाल पर खुलेआम कह दिया कि 2022 में कुछ गलतियां हुईं थी, जिसकी वजह से सरकार नहीं बनी। इस बार कांग्रेस किसी को सीएम चेहरा नहीं बनाएगी। चन्नी के बयान से कांग्रेस के भीतर जट्ट सिख Vs दलित का राजनीतिक घमासान मच गया है। जो 2027 चुनाव तक रह सकता है। ऐसे में कांग्रेस को हरियाणा की तरह पंजाब में भी झटका लग सकता है। हरियाणा में भी कांग्रेस ने भूपेंद्र हुड्डा की अगुआई में जाट पॉलिटिक्स की और दलित नेता कुमारी सैलजा के अपमान के बाद अच्छे-भले माहौल के बाद भी कांग्रेस यहां सरकार नहीं बना पाई। CM चेहरे पर चन्नी की दावेदारी क्यों?
कांग्रेस ने 2021 में कैप्टन अमरिंदर सिंह को CM की कुर्सी से हटा दिया। इसके बाद चन्नी नए मुख्यमंत्री बन गए। मगर, उन्हें काम करने के लिए सिर्फ 111 दिन मिले। जिसमें चन्नी ने खूब फैसले लिए। हालांकि 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की ऐसी आंधी चली कि चन्नी सीएम चेहरा होने के बावजूद खुद 2 सीटों से हार गए। कांग्रेस भी 117 में से 18 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस ने 32% वोट बैंक को लेकर इसे जीत का ट्रम्प कार्ड माना था लेकिन वह फेल हो गया। चन्नी का तर्क है कि पिछली बार उन्हें दिन कम मिले और पिछले चुनाव में लोग बदलाव चाहते थे, इस वजह से उनके काम का आकलन ही नहीं हुआ। ऐसे में उन्हें दोबारा मौका मिलना चाहिए। बघेल ने गलती क्यों बताया
भूपेश बघेल हाल ही में मनरेगा को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान उनसे सवाल हुआ कि क्या इस बार कांग्रेस सीएम चेहरा घोषित करेगी। बघेल ने इससे दोटूक इनकार कर दिया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि 2022 के चुनाव में कुछ गलतियां हुईं थी, लेकिन 2024 के लोकसभा में जनता ने उन्हें पूरा आशीर्वाद दिया। बघेल का इशारा 2022 में जट्ट सिख नेता नवजोत सिद्धू को दरकिनार कर चन्नी को सीएम चेहरा बनाने को माना जा रहा है। यही वजह है कि बघेल ने राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये सभी सीएम चेहरे हैं। अब जानिए, चन्नी के बयान से क्या विवाद खड़ा हुआ चन्नी ने कहा- बड़े पद अपर कास्ट को, दलित कहां जाएं
17 जनवरी, शनिवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस SC सेल की मीटिंग थी। इसमें चरणजीत चन्नी भी पहुंचे। चन्नी ने माइक संभालते हुए कहा- पंजाब में अगर आप मानते है कि 38 % या 35 % आबादी है, तो वह है ही, तो फिर हमें रिप्रेजेंटेंशन क्यों नहीं मिल रही। पंजाब कांग्रेस का प्रधान भी अपर कास्ट है। CLP लीडर भी अपर कास्ट है। पंजाब की महिला विंग प्रधान भी अपर कास्ट, पंजाब का जरनल सेक्रेटरी भी अपर कास्ट। यार हम कहां जाएं। यह लोग कहां जाएंगे। राजा वड़िंग ने कहा- 2 सीटों से हारे, फिर भी सांसद बनाया
बंद कमरे की मीटिंग की बातें बाहर आईं तो जट्ट सिख नेताओं की तरफ से राजा वड़िंग ने मोर्चा संभाल लिया। पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने कहा- CWC का सबसे बड़ा पद होता है, उसके मेंबर चरणजीत चन्नी हैं। चन्नी तो ये बात कह ही नहीं सकते। उनके पास तो सबसे बड़ा पद है। चन्नी को जब CLP बनाया गया तो सुनील जाखड़ को उतारा गया। चन्नी दोनों जगह से विधानसभा चुनाव हारे थे फिर भी जालंधर से सांसद बनाया। चन्नी लोकसभा की एग्रीकल्चर कमेटी के भी चेयरमैन हैं। सुखजिंदर रंधावा मुख्यमंत्री बन रहे थे लेकिन चरणजीत चन्नी को बनाया गया। दलित हमारे सिर का ताज हैं और रहेंगे। हमारी सेक्युलर पार्टी है। पंजाब सेक्युलर स्टेट है, यहां जात-पात नहीं है। चन्नी ने कहा- सबको साथ लेकर चलोगे तो ही सरकार बनेगी
इसके बाद चरणजीत चन्नी ने भी वीडियो जारी कर कहा-मैं पार्टी का बड़ा धन्यवादी हूं । जो-जो उन्होंने मुझे ओहदे दिए है। मैं कोशिश कर रहा हूं कि मैं उन पर पूरा उतरूं। अगर मुझे चेयरमैन संसद एग्रीकल्चर स्टैंडिंग कमेटी बनाया गया है तो मैंने किसानों के लिए एमएसपी की रिकमंडेशन संसद में रखी है। पंजाब एक गुलदस्ता है। इसमें अलग-अलग जातियां व धर्म हैं। इस गुलदस्ते को बड़ा करना है। अगर पार्टी गुलदस्ता होगी। सारे वर्ग को रिप्रेजेंटेशन मिलेगी। सभी को साथ लेकर चलोगे तो ही सरकार आएगी। आप पंजाब का भला भी करोंगे। ******************
ये खबर भी पढ़ें… पूर्व CM चन्नी का मीटिंग का VIDEO सामने आया:बोले- प्रधान, जनरल सेक्रेटरी, CLP लीडर, महिला प्रधान.. सब अपर कास्ट, दलित कहां जाएं पंजाब कांग्रेस में दलितों को बड़े पद न देने के बयान के बीच पूर्व CM व सांसद चरणजीत चन्नी का वह वीडियो सामने आ गया है, जिसमें उन्होंने सारे पद जट्ट सिख नेताओं को देने की बात कही थी। यह वीडियो शनिवार को चंडीगढ़ में हुई कांग्रेस के SC सेल की मीटिंग का है (पढ़ें पूरी खबर)


