पंजाब में फर्जी निकली सेना की भर्ती:हरियाणा-हिमाचल से सैकड़ों युवा फिरोजपुर कैंट पहुंचे, पुलिस कर रही फेक मैसेज की जांच

पंजाब के फिरोजपुर में आर्मी में सीधी भर्ती का फेक पोस्ट देख सारागढ़ी गुरुद्वारा साहिब में हरियाणा समेत कई राज्यों के हजारों युवा पहुंच गए। दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रविवार आर्मी में सीधी भर्ती को लेकर सोशल मीडिया पर एक फेक पोस्ट वायरल हुई। इस मैसेज में लिखा था कि जो युवा आर्मी में भर्ती होना चाहते हैं 12 मई को आधार कार्ड लेकर फिरोजपुर छावनी स्थित सारागढ़ी गुरुद्वारे में पहुंचे। पोस्ट को देखकर हरियाणा समेत कई राज्यों के लगभग 2500 युवा फिरोजपुर पहुंच गए। जहां पहुंचने पर पता चला कि ऐसी कोई सेना की भर्ती नहीं है। इसके बाद गुरुद्वारा सारागढ़ी साहिब में लोगों को भीड़ लगने की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। युवाओं ने पुलिस को बताया कि यह मैसेज देखकर ही वह सेना भर्ती में आए थे। फिरोजपुर एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि वायरल मैसेज की जांच की जा रही है। सभी युवा बाद में अपने-अपने घर पहुंच गए। कोई भी मैसेज वेरिफाई करना जरूरी
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि कभी भी इस प्रकार के मैसेज को वेरिफाई करना जरूरी है। इसके लिए पुलिस या सेना के अधिकारियों से वेरिफाई कर सकते हैं। डीएसपी फतेह सिंह बराड़ ने कहा कि टेक्निकल टीमें, स्पेशल ब्रांच और सीआईए की टीमें जांच कर रही है कि यह मैसेज कहां से डाला गया है। जिस किसी ने भी फेक मैसेज डाला है उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रात से ही पहुंचना शुरू हो गए थे, सुबह पता चला भर्ती फेक हरियाणा के हिसार, कैथल, जींद, भिवानी, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र सहित सैकड़ों युवा रात को ही भर्ती के लिए फिरोजपुर पहुंच गए थे। सुबह 5 बजे भर्ती शुरू होनी थी मगर सुबह तक कोई कर्मचारी भर्ती के लिए नहीं पहुंचा तो युवाओं को शक हुआ। इसके बाद इंटेलिजेंस से प्रशासन को पता चला कि बड़ी संख्या में युवा फिरोजपुर पहुंचे हुए हैं। इसके बाद प्रशासन ने एक अधिकारी को मौके पर भेजा और युवाओं को बताया कि ऐसी कोई भर्ती या नहीं है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने युवाओं से शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। युवा बोले-वॉट्सऐप ग्रुप में मैसेज आया था युवाओं ने बताया कि भर्ती का मैसेज उनको वॉट्सऐप ग्रुप में आया था। इसके बाद वह यह मैसेज देखकर सेना में भर्ती होने और देश के लिए लड़ने का सपना देखकर भर्ती के लिए आए थे। हरियाणा के कई युवा भर्ती के लिए गुरुद्वारे आए थे मगर यहां आकर देखा तो ऐसी कोई भर्ती नहीं थी। यहां कोई सरकारी कर्मचारी नहीं था। युवाओं ने बताया कि हमने अपने स्तर पर पता किया तो पता चला है शायद अब सीजफायर हो गया है तो भर्ती कैंसिल हो गई है। मगर इसके बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल रही है। सुबह 5 बजे भर्ती का समय था। इसलिए हरियाणा से आने वाले युवा रातभर से यही बैठे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *