पंजाब के कपूरथला में सूडान के छात्र की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक अन्य छात्र भी घायल हुआ है। घायल के मुताबिक वह अपने दोस्त और बहनों के साथ सुबह नाश्ता करने निकला था। तभी घर के ही पास खड़े कुछ लोगों ने उन्हें गंदी गालियां दी। इस दौरान आरोपियों ने लड़कियों का मोबाइल नंबर मांगने का भी प्रयास किया। इस बात का जब युवकों ने विरोध किया तो दोनों गुटों के बीच बहस शुरू हो गई। तभी आरोपियों ने चाकू निकाले और शिकायतकर्ता अहमद हुसैन और उसके दोस्त मोहम्मद वादा पर हमला कर दिया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद वादा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर 6 युवकों को नामजद किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब सिलसिलेवार तरीके से पढ़ें पूरी घटना… घर से नाश्ता करने निकले, 3 लड़कियां भी थी
अहमद हुसैन (25) ने बताया कि वह सूडान का निवासी है। अभी वह सतनामपुरा की माहेरू कॉलोनी में रहता है। 15 मई की सुबह करीब 4 बजे वह अपने दोस्त और बहनों के साथ नाश्ता करने घर से निकला था। इस दौरान उनके साथ मोहम्मद वादा, इथर यूसुफ, नरमीन उमर और फातिमा थे। ये सभी भी सूडान के ही निवासी हैं। 6-7 लोगों ने गालियां दी, लड़कियों के नंबर मांगे
अहमद ने बताया कि जब वह और उसके दोस्त खाना खाने गए तो घर से ही कुछ दूरी पर 6-7 अज्ञात लोग खड़े थे। इन लोगों ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया। पहले गालियां दीं और फिर इथर, नरमीन, और फातिमा का मोबाइल नंबर मांगने लगे। इस दौरान उन्होंने इसका इसका विरोध किया, जिसके बाद मामला बिगड़ गया। विवाद बढ़ने पर चाकू से हमला किया
विवाद बढ़ने पर 6-7 लोगों ने उसे और उसके दोस्त मोहम्मद वादा को घेर लिया। तभी अचानक इनमें से दो लोगों ने चाकू निकाल लिए और दोनों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने मोहम्मद के सीने पर बाईं और चाकू से कई वार किए। चिल्लाने पर भागे आरोपी
दोनों ने अपनी जान बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उनकी चीखें सुनकर हमलावर डर गए और मौके से भाग गए। इस शोर को सुनकर एक स्थानीय व्यक्ति प्रभात दुबे वहां पहुंचा और उसने तुरंत दोनों की मदद की। प्रभात दुबे ने उन्हें जोहल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहम्मद वादा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अहमद हुसैन को भर्ती कर लिया। घटना से लोग डरे, पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के कारण इलाके में तनाव बढ़ गया है। स्थानीय लोग डरे हुए हैं। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि 6 आरोपियों को नामजद किया गया है। SSP गौरव जल्द ही इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देंगे।


