पंजाब सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक अहम फैसला लेते हुए अमृतसर जिले में कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश पंजाब सरकार, गृह विभाग एवं शासन सुधार विभाग की ओर से जारी किए गए हैं।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, नगर सुधार ट्रस्ट अमृतसर से जुड़े प्रशासनिक ढांचे में बदलाव किया गया है। इस फैसले के तहत ट्रस्ट में चेयरमैन और ट्रस्टी पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। सरकार ने यह कदम पंजाब म्यूनिसिपल एक्ट 1970 की धारा 4(1)(ई) के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए उठाया है।
नए आदेशों के अनुसार, सतनाम सिंह संधू को नगर सुधार ट्रस्ट अमृतसर का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उनके साथ ट्रस्टी के रूप में हरजिंदर सिंह, विक्रम सिंह, सुखदेव सिंह, सुरजीत सिंह, मनजीत सिंह और मनदीप सिंह को शामिल किया गया है। यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
इसके अलावा सरकार ने आदेशों की प्रतियां संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश भी दिए हैं। इनमें पंजाब सरकार के वरिष्ठ सचिव, डिप्टी कमिश्नर अमृतसर, मुख्य प्रशासक नगर सुधार ट्रस्ट अमृतसर, अकाउंट्स और ऑडिट विभाग तथा अन्य संबंधित कार्यालय शामिल हैं, ताकि आदेशों का सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
सरकारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्तियां आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेंगी। प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को शहर के विकास और नगर सुधार कार्यों में तेजी लाने के रूप में देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि नई टीम से अमृतसर में शहरी विकास, बुनियादी ढांचे और जनहित से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई नियुक्तियां जमीन पर कितना असर दिखा पाती हैं।


