भास्कर न्यूज | तमता पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी सुखबासुपारा में एक 25 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नर्सिंग चौहान के रूप में हुई है। युवक का शव 31 दिसंबर की सुबह गांव के मिडिल स्कूल परिसर के भीतर संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब मृतक की पत्नी सुबह खेत की ओर गई थीं। उन्होंने स्कूल परिसर के भीतर युवक को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां परिवार में शोक का माहौल बन गया। परिजनों के अनुसार नर्सिंग चौहान ईंट भट्ठे में मजदूरी का काम करता था। 30 दिसंबर की शाम उसे स्कूल के आसपास देखा गया था, लेकिन वह रात में घर नहीं लौटा। परिजनों को पहले लगा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा, लेकिन सुबह शव मिलने से सभी स्तब्ध रह गए। सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई की है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।


