पकड़े गए आरोपियों को छोड़ने एएसआई पर 2 लाख घूस लेने का आरोप

भास्कर न्यूज | कवर्धा/पोंडी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सट्टा खेलाते 4 आरोपी पकड़े गए थे। आरोप है कि पकड़े गए लोगों को छोड़ने के लिए एएसआई ने 2 लाख रुपए रिश्वत ली है। घूस लेने के बाद भी कार्रवाई किए जाने और पैसे नहीं लौटाने को लेकर नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार रात पुलिस चौकी में हंगामा कर दिया। मामला पोंडी पुलिस चौकी का है। बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों ने चौकी को घेर लिया था। देर रात तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान अधिकारियों के समझाइश देने पर भी ग्रामीण शांत नहीं हुए। ग्रामीणों ने एएसआई दिनेश झारिया पर 2 लाख रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता मनीष वर्मा ने बताया कि आईपीएल सट्टा में पकड़े गए चार आरोपियों को छोड़ने के लिए एएसआई ने 4 लाख रुपए की मांग की थी। सौदा 2 लाख रुपए में तय हुआ। पैसे लेने के बाद भी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पैसे वापस मांगने पर विवाद हुआ। एडिशनल एसपी पुष्पेन्द्र बघेल का कहना है कि ग्रामीणों से लिखित शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए बोड़ला एसडीओ को सौंप दिया गया है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी। जानिए, ये है पूरा मामला: पोंडी में मंगलवार को आईपीएल सट्टा खेलाते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों में कपूर चंद पिता राम दयाल वर्मा (31), रघुवीर पिता फागूराम वर्मा (22) दोनों निवासी ग्राम बैहरसरी, गौरव चंद्रसेन पिता चंद्र कुमार (23) निवासी ग्राम सिल्हाटी और हिमांशु पिता राजेन्द्र वर्मा (22) निवासी उसलापुर शामिल है। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *