लुधियाना| पक्खोवाल रोड स्थित प्रिंस होटल के बाहर 11 दिसंबर को बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने हथियार दिखाकर महिला से नकदी और सोने के गहने लूट लिए और मौके से फरार हो गए। ग्रीन पार्क निवासी शिकायतकर्ता सागर नारंग ने बताया कि वह अपनी 76 वर्षीय माता उषा रानी को बाइक पर बैठाकर पक्खोवाल रोड की ओर जा रहे थे। रास्ते में वह एक दुकान से सामान लेने चले गए और अपनी माता को होटल के बाहर बैठा दिया। इसी दौरान अचानक उनकी माता की चीख-पुकार सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो दो बाइक सवार बदमाश हथियार दिखाकर उनकी माता से 2500 रुपए नकद, सोने की अंगूठी और बालियां लूट चुके थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। मामले की शिकायत थाना डिवीजन-8 पुलिस को दी गई है। जांच अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


