भास्कर न्यूज | जालंधर/होशियारपुर जालंधर-भोगपुर हाईवे पर पचरंगा के पास शुक्रवार सुबह 5.30 बजे के करीब भयानक एक्सीडेंट में ट्रक (पीबी 07 बीयू 5577) चालक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने एक्सीडेंट की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स टीम को दी। ड्राइवर की बॉडी ट्रक और पेड़ के बीच बुरी तरह फंस गई। एनएचएआई को जानकारी देने के बाद मौके पर जेसीबी लाई गई। जेसीबी की मदद से ट्रक को हटाकर ड्राइवर का शव बाहर निकाला। एसएसएफ के एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि मृतक ट्रक चालक की पहचान होशियारपुर के गांव सिंहपुरा के रहने वाले हरजीत सिंह पुत्र जगीर सिंह के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। ट्रक पहले रोड से नीचे पलटा और फिर सफेदे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर की बॉडी शीशा तोड़कर बाहर आ गई और ट्रक व पेड़ के बीच फंस गई। थाना पचरंगा के एएसआई लखविंदर सिंह ने मौके पर पहुंच कर शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। ड्राइवर का मोबाइल, पर्स व अन्य जरूरी सामान एसएसएफ ने चौकी पचरंगा के एएसआई को सौंप दिया और ट्रक मालिक को घटना की सूचना दे दी। सफेदे से टकराया ट्रक और बीच में फंसी ड्राइवर की बॉडी।


