पटना में सोमवार से शुरू हुए अखिल भारतीय पीठासीन सम्मेलन में शामिल होने आए राजस्थान के स्पीकर वासुदेव देवनानी की तबीयत बिगड़ी थी। अब उनकी हालत ठीक है। अस्पताल से छुट्टी हो चुकी है। वे शाम करीब 6 बजे विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना हो गए। देवनानी रात जयपुर पहुंचे। उनको सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती किया गया है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिसिंपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया- स्पीकर वासुदेव देवनानी को मेडिकल आईसीयू में शिफ्ट किया है। पटना में चेस्ट पेन की शिकायत के बाद उन्हें जयपुर से हमारी टीम पटना लेने पहुंची थी। उन्होंने बताया- पटना मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में स्पीकर देवनानी की सभी कर ली गई है। अब हम उन्हें आज रात को ऑब्जर्वेशन में रखेंगे, इसके बाद सुबह जरूरत पड़ी तो दोबारा जांच करवाएंगे। उनकी तबीयत फिलहाल स्थिर है। इससे पहले देवनानी को PMCH के इंदिरा गांधी इंस्टीट़्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी में भर्ती किया गया था। यहां उनकी हार्ट से जुड़ी जांचें की गईं। एंजियोग्राफी भी होनी थी, लेकिन उन्होंने पिछले साल ही एंजियोग्राफी करवाई थी, इसलिए एंजियोग्राफी से मना कर दिया। वे शाम 5.15 बजे IGIC अस्पताल से निकल गए हैं। उन्होंने बाहर आकर कहा कि ‘राजस्थान जा रहा हूं। एसिडिटी हो गई थी। दवाई लेने के लिए आया था। मेरी तबीयत ठीक है।’ इसके पहले शाम साढ़े 4 बजे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला देवनानी का हाल जानने IGIC पहुंचे थे। IGIC के डायरेक्टर डॉक्टर सुनील कुमार ने बताया कि ‘देवनानी की हालत ठीक है। उन्होंने एंजियोग्राफी से इनकार कर दिया। आगे का इलाज जयपुर में ही करवाएंगे।’ राजस्थान विधानसभा के डिप्टी सेक्रेटरी सुशील कुमार शर्मा ने बताया, ‘उन्हें गैस की समस्या थी। बेचैनी थोड़ी ज्यादा हो गई, इसलिए उन्हें राजस्थान लेकर जा रहे हैं।’ अल सुबह तबीयत बिगड़ी थी वासुदेव देवनानी पटना के होटल ताज में ठहरे हैं। रविवार रात 8 बजकर 50 मिनट पर इंडिगो की फ्लाइट से वे पटना पहुंचे। तय कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें 22 जनवरी यानी बुधवार शाम 6.20 बजे जयपुर के लिए इंडिगो की फ्लाइट से रवाना होना था। हालांकि सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने के चलते वे आज शाम ही जयपुर लौट गए हैं। पटना विधानसभा के सेंट्रल हॉल में चल रहे इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के 28 राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष, 6 विधानसभा परिषद के सभापति और केंद्र शासित प्रदेशों के स्पीकर समेत करीब 300 अतिथि शामिल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री बोले- देवनानी रोज पांच किलोमीटर वॉक करते हैं राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा- वासुदेव देवनानी हेल्थ को लेकर हमेशा सजग रहते आए हैं। वे रोजाना 5 किलोमीटर वॉक करते हैं। वे हमें भी वॉक करने की सलाह देते रहते हैं। उन्हें ऐसी कोई बीमारी भी नहीं थी। मुझे तो अचंभा है इतने सजग रहने वाले व्यक्ति को हार्ट की प्रॉब्लम कैसे हो सकती है। एक प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे विधानसभा, लोकसभा राज्यसभा की कार्यवाही इसके पहले ओम बिरला ने कहा, ‘सभी पार्टियों को अपने दल के भीतर एक अचार संहिता बनानी चाहिए, ताकि सदन की गरिमा बढ़ सके। पटना एक ऐतिहासिक धरती है। यहां से हमें कुछ फैसला लेकर जाना होगा। इस दौरान उन्होंने इस बात की घोषणाओं की कि अगले एक साल में राज्य की सभी विधानसभाओं की कार्यवाही, लोकसभा की राज्यसभा की कार्यवाही देखने को मिलेगी। AIPOC ने निर्णय लिया है कि 2025 तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। एक देश एक विधान के इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।’ पटना में 42 साल बाद हो रहा सम्मेलन बिहार में करीब 42 साल बाद अखिल भारतीय पीठासीन सम्मेलन हो रहा है। सोमवार सुबह कार्यक्रम में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने अध्यक्ष के रूप में भाषण दिया। इस दौरान ओम बिरला को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।


