भास्कर न्यूज | पटना नगर पंचायत पटना में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए के प्रस्ताव पास हुए हैं। जल्द ही जल आवर्धन योजना, गौरवपथ, स्ट्रीट लाइट, मांगलिक भवन, छठ घाट और तालाबों का सौंदर्यीकरण शुरू होगा। नगर पंचायत बनने के बाद क्षेत्रीय विधायक भईया लाल राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह और मुख्य नगर पंचायत अधिकारी सिकंदर सिदार ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई है। सबसे बड़ा काम जल आवर्धन योजना का होगा। इसमें गेज नदी या गोबरी जलाशय से पानी लाकर घर-घर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए इंटकवेल, फिल्टर प्लांट और टंकियां बनाई जाएंगी। यह योजना लगभग 50 करोड़ रुपए की होगी। पटना में गौरवपथ का निर्माण भी होगा। शहर के सभी विद्युत पोलों पर स्ट्रीट लाइट लगेंगी। नेशनल हाईवे पर भी स्ट्रीट लाइट और तिरंगा विद्युत झालर लगाई जाएगी। 75 लाख रुपए की लागत से मांगलिक भवन बनेगा। छठ घाट, चौपाटी और सभी तालाबों का सौंदर्यीकरण होगा। प्रस्तावित बस स्टैंड का जीर्णोद्धार किया जाएगा। चौक-चौराहों को भी सजाया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर 20 लाख की लागत से अटल परिसर और उनकी प्रतिमा का निर्माण कार्य जारी है। नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह और विधायक भईया लाल राजवाड़े के प्रयास से 15 अन्य कार्यों के लिए अधोसंरचना मद से अनुदान की स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें नाली, सीसी सड़क, बीटी सड़क और अन्य छोटे-बड़े निर्माण कार्य शामिल हैं।


