राजस्थान पटवार संघ के आह्वान पर डूंगरपुर जिले में भी विभिन्न मांगों को लेकर पटवारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी है। हड़ताल के आठवें दिन सोमवार को पटवारी, गिरदावर और अन्य राजस्व कार्मिकों ने शहर में रैली निकाली। वहीं कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। सरकार से उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है। डूंगरपुर जिले के पटवारियों ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 13 जनवरी से अपने कार्य का बहिष्कार किया है। वहीं कार्य बहिष्कार के 8वें दिन पटवार संघ के जिला अध्यक्ष खेमराज जोशी के नेतृत्व में जिले के पटवारी, गिरदावर और राजस्व कार्मिकों ने शहर में रैली निकाली। रैली पटवार विश्रांति भवन से रवाना हुई। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पर पहुंची। जहां पर पटवारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष खेमेश्वर जोशी ने बताया कि सरकार के पटवार संघ के साथ मांगों को लेकर समझौते हुए थे, लेकिन वे समझौते अभी तक धरातल पर लागू नहीं हुए हैं। वहीं रबी फसल की ऑनलाइन गिरदावरी एप में कई कठिनाई आ रही है। उसमें संशोधन की भी पटवार संघ मांग कर रहा है। इसके साथ सभी काम ऑनलाइन हो गए हैं, लेकिन सरकार की ओर से पटवारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। जिसके चलते भी पटवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पटवार संघ नियमित डीपीसी, 1035 पटवार मंडलों की वित्तीय स्वीकृति और विभिन्न भत्तों को बढ़ाना, पे ग्रेड बढ़ाने सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की है।


