विदिशा जिले के लटेरी जंगल में वन्यजीव शिकार की एक बड़ी साजिश को वन विभाग ने सोमवार को नाकाम कर दिया है। विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक पटवारी और एक सिविल इंजीनियर शामिल हैं। उनके पास से एयरगन, चाकू और एक बाइक जब्त की गई है। यह कार्रवाई वन मंडलाधिकारी हेमंत यादव के निर्देश पर की गई। वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ शिकारी जंगल में घूम रहे हैं। इस सूचना के आधार पर लटेरी (दक्षिण) वन परिक्षेत्र में दबिश दी गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने लटेरी-शमशाबाद रोड से लगे बीट मुस्करा के कक्ष क्रमांक पी-302 में गश्त के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका। जांच में मोटरसाइकिल चालक के पास से 14 सेंटीमीटर लंबा चाकू और पीछे बैठे युवक के पास से टेलीस्कोप लगी एयरगन बरामद हुई। दोनों ने आरोपों को स्वीकार किया
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शिकार करने के इरादे से जंगल में आने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोपाल निवासी गुफरान अहमद (पुत्र जहूर अहमद, करोद) और मोहम्मद आमिर (पुत्र मोहम्मद अफरोज, श्यामला हिल्स) के रूप में हुई है। वन विभाग ने आरोपियों के कब्जे से हीरो एचएफ डीलक्स बाइक भी जब्त की है। दोनों के खिलाफ वन अपराध के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुफरान अहमद ने खुद को पटवारी बताया है, जबकि मोहम्मद आमिर ने निजी सिविल इंजीनियर होने की जानकारी दी। मामले की आगे की जांच जारी है।


