पटवारी बोले-हर महीने समय पर वेतन दिया जाए:भिंड के मेहगांव में पटवारी संघ की हुई बैठक, लंबित एरियर पर की चर्चा

मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला भिंड की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को मेहगांव स्थित जनक गार्डन में आयोजित की गई। बैठक में प्रांतीय, जिला और तहसील स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पटवारी शामिल हुए। इस दौरान पटवारियों से जुड़ी वेतन, लंबित एरियर और प्रशासनिक कार्यवाहियों से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संघ ने मांग रखी कि प्रत्येक माह की 1 तारीख को वेतन और समस्त भत्तों का भुगतान अनिवार्य रूप से किया जाए। जिन पटवारियों का वेतन या भत्ते पूर्व में अटके या छूटे हुए हैं, उनका 31 जनवरी 2026 तक एरियर सहित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अनुचित कार्रवाई निरस्त करने की मांग संघ ने पटवारियों पर की गई कथित अनुचित और अन्यायपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने की मांग भी उठाई। साथ ही कहा गया कि सामान्य परिस्थितियों में अवकाश के दिनों में समीक्षा बैठकें न की जाएं और पूर्व में दिए गए ज्ञापनों के अनुसार केवल साप्ताहिक समीक्षा बैठकें ही आयोजित हों। तहसीलदार को दिया अल्टीमेटम इन सभी मांगों को लेकर पटवारी संघ ने तहसीलदार राजकुमार नागोरिया को शीघ्र समाधान की चेतावनी दी। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं। पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष विनायक सिंह तोमर ने कहा- पटवारियों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय पर वेतन भुगतान और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां हमारा अधिकार हैं। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा। बैठक में आगामी 2 फरवरी को भोपाल में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सम्मेलन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित तहसील अध्यक्षों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *