भास्कर न्यूज| पटियाला पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने पीआरटीसी के निदेशक मंडल (बोर्ड अॉफ डायरेक्टर्स) की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। हरपाल जुनेजा ने कहा कि इस बैठक में पटियाला के पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों को अधिक सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ पीआरटीसी के बेड़े में नई बसें शामिल करने के निर्णय लिए गए। निदेशक मंडल के सदस्यों ने विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों और नीतियों पर चर्चा की और वित्तीय वर्ष के लिए पीआरटीसी की आय बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि पटियाला के पुराने बस स्टैंड से विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी ताकि यात्रियों को नए बस स्टैंड से आने-जाने में कोई असुविधा न हो। पीआरटीसी मुख्यालय पटियाला डिपो और संगरूर में डीजल खुदरा दुकानें स्थापित करने के अलावा, अन्य पीआरटीसी स्थानों पर भी खुदरा दुकानों के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने पर तत्काल सर्वेक्षण करने का निर्णय लिया गया। आरटीसी मुख्यालय और इसके अंतर्गत आने वाले सभी डिपो और बस स्टैंडों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में प्रबंध निदेशक बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, उपाध्यक्ष बलविंदर झाड़वां, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक नवदीप कुमार, पीआरटीसी के निदेशक चरणजीत सिंह धालीवाल और गुरप्रीत सिंह विर्क, वित्त विभाग से डीसीएफए हरप्रीत कौर, पंजाब परिवहन विभाग से अधीक्षक मनमोहन सिंह और सहायक क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण मनजोत सिंह आदि मौजूद रहे।


