पटियाला में एक आयुर्वेदिक डॉक्टर ने कर्ज चुकाने के लिए अपने ही छोटे भाई की कार चोरी कर ली। पुलिस ने डॉक्टर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की गई कार भी बरामद कर ली गई है। दीप नगर के रहने वाले डॉक्टर सरबजीत सिंह पर डेढ़ लाख रुपए का कर्ज था। वह पहले दीप नगर में उम्मीद फैमिली क्लिनिक चलाता था। अब वह चौरा गांव में क्लिनिक चला रहा है। उसके साथी गुरप्रीत सिंह लगातार अपना पैसा वापस मांग रहा था। सरबजीत ने कर्ज चुकाने के लिए अपने छोटे भाई गुरविंदर सिंह की कार चुराने की योजना बनाई। 15 फरवरी को दीवान चौक में खड़ी कार को चोरी कर लिया। इस वारदात में उसकी मदद गुरप्रीत सिंह ने की। त्रिपड़ी थाना के एसएचओ प्रदीप सिंह ने बताया कि 18 फरवरी को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 19 फरवरी को उन्हें कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।


