पंजाब में पटियाला जिले में घनौर के निगाहां गांव से एक दुखद घटना सामने आई है। गांव में तालाब में डूबने से एक घुड़सवार की मौत हो गई। घोड़ा अचानक बेकाबू हो गया, जिस कारण घुड़सवार तालाब में गिर गया और उसकी माैत हो गई। यह हादसा रविवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि मृतक घुड़सवार की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थित एक पेट्रोल पंप पर हाल ही में एक नया घोड़ा लाया गया था। घोड़े को प्रशिक्षण देने के लिए दूसरे राज्य से एक विशेषज्ञ घुड़सवार को बुलाया गया था। सुबह करीब 11 बजे जब घुड़सवार गांव की फिरनी से गुजर रहा था, तभी अचानक घोड़ा बेकाबू होकर पास के गहरे तालाब में जा गिरा। खुद को संभाल नहीं पाया घुड़सवार तालाब की गहराई अधिक होने के कारण घुड़सवार खुद को संभाल नहीं पाया और घोड़े से अलग हो गया। घोड़ा तो आगे निकल गया, लेकिन घुड़सवार पानी में डूब गया। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में गोताखोरों को बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद घुड़सवार का शव तालाब से बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे व्यक्ति घोड़े पर सवार था और अचानक घोड़ा तालाब में गिर गया।


