पटियाला में आउटसोर्स मीटर रीडर्स का प्रदर्शन मंगलवार काे तेज बारिश के बीच भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी रीडर्स पावरकॉम मैनेजमेंट पर उनकी मांगों को अनसुना करने का आरोप लगा रहे हैं। बारिश के कारण प्रदर्शन स्थल पर लगे टेंट में पानी भर गया, जिससे उनका सामान खराब हो गया। भोजन बनाने की व्यवस्था भी बाधित हुई, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों को दिनभर भूखे रहना पड़ा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर सिंह भंगू ने बताया कि, उनका धरना-प्रदर्शन पिछले तीन दिनों से जारी है। उन्होंने कहा कि पावरकॉम मैनेजमेंट के साथ बार-बार बैठकें होने के बावजूद उनकी मांगों का कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मैनेजमेंट जानबूझकर मांगों को टाल रहा है। कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग संगठन की प्रमुख मांगों में सभी विभागों के आउटसोर्स/कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना और कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा कर्मचारियों के कथित शोषण को रोकना शामिल है। जतिंदर भंगू ने यह भी आरोप लगाया कि मैनेजमेंट मांगों को हल करने के बजाय कंपनियों के साथ मिलकर मांग उठाने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रहा है। संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे अपने संघर्ष को और तेज करेंगे। इस प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन उग्राहा के किसान नेता बलराज जोशी, रणजीत सिंह, अवतार सिंह, लखविंदर सिंह और हरजीत सिंह भी मौजूद रहे।


