पटियाला की डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने राजपुरा में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने एसडीएम अविकेश गुप्ता के साथ गगन चौक, जीटी रोड और टाहली वाला चौक का दौरा कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। भीड़भाड़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। डीसी ने सबसे पहले भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने का फैसला लिया। एसडीएम को उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ट्रकों और भारी वाहनों के लिए समर्पित लेन बनाने की योजना तैयार करने को कहा। इससे जीटी रोड और चंडीगढ़ रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। बस स्टॉप में बदलाव
यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बस स्टॉपेज में भी बदलाव किया जाएगा। गगन चौक पर दोनों मोड़ों से बस स्टॉप को चंडीगढ़ रोड और पटियाला रोड की तरफ शिफ्ट किया जाएगा। इससे यात्रियों के उतरने-चढ़ने से होने वाली भीड़ कम होगी। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को भीड़भाड़ वाले समय विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने सड़कों पर अवैध कब्जों को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने फल-सब्जी विक्रेताओं को सड़क पर दुकानें न लगाने और निर्धारित स्थानों पर ही व्यापार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सड़कों से सभी अवैध कब्जे हटाने के आदेश दिए गए हैं। इन सभी कदमों से राजपुरा की यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।


