पंजाब के पटियाला में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर देशभर में बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने हड़ताल की। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन, पंजाब स्टेट के सचिव राजीव सर्दी ने बताया कि हड़ताल में 99 प्रतिशत से अधिक बैंक कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। उनकी मुख्य मांग बैंकिंग उद्योग में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करना है। 21 महीने पहले हुआ था समझौता राजीव सर्दी ने जानकारी दी, कि इंडियन बैंक एसोसिएशन के साथ 21 महीने पहले एक समझौता हुआ था। समझौते में बैंकिंग उद्योग में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली (5-Day Work) लागू करने पर सहमति बनी थी। हालांकि, बीते 21 महीनों में कई बार बातचीत के बावजूद इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने बताया कि मुख्य श्रम आयुक्त के साथ भी इस विषय पर वार्ता की गई थी। मुख्य श्रम आयुक्त ने भी बैंकिंग उद्योग में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन यह आश्वासन अब तक पूरा नहीं हो सका है। कार्य प्रणाली से जनता होगी परेशान राजीव सर्दी ने तर्क दिया कि केंद्र सरकार ‘डिजिटल इंडिया’ की बात करती है, जबकि आज बैंकिंग सेवाएं 24×7 डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध हैं। देश का कोई भी ग्राहक यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग या एटीएम के माध्यम से किसी भी समय लेन-देन कर सकता है। ऐसे में शाखाओं में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने से आम जनता को कोई परेशानी नहीं होगी। दो दिन का साप्ताहिक अवकाश मिलेगा उन्होंने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक, केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों, बीडीसी कार्यालयों, एसएसपी कार्यालयों और पंजाब सरकार के बोर्डों व निगमों में पहले से ही पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है। उनका कहना है कि बैंकिंग सेवाएं डिजिटल माध्यमों से 24×7 उपलब्ध रहेगी, जबकि कर्मचारियों और अधिकारियों को केवल दो दिन का साप्ताहिक अवकाश मिलेगा। राजीव सर्दी ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2015 से दूसरे और चौथे शनिवार को पहले ही अवकाश घोषित किया जा चुका है। अब बैंक यूनियनें पहले और तीसरे शनिवार को भी अवकाश घोषित करने और पूर्ण रूप से पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने की मांग कर रही हैं। डिजिटल बैंकिंग को और बढ़ावा मिलेगा उन्होंने मीडिया के माध्यम से देश की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह एक जायज मांग है, जिससे बैंक कर्मचारियों को बेहतर कार्य संतुलन मिलेगा और डिजिटल बैंकिंग को और बढ़ावा मिलेगा। इसी मांग को लेकर देशभर में करीब 8 लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर हैं।


