पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने राजपुरा सब डिवीजन के सराला कलां और आसपास के गांवों का आज सुबह औचक दौरा किया। उन्होंने भारी यातायात से क्षतिग्रस्त सड़कों का पैदल निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को एक हफ्ते में मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि सराला कलां में निर्माणाधीन नया पुल अगले दो दिनों में यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की ट्रैफिक समस्या का समाधान होगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ‘आप दी सरकार आप दे द्वार’ पहल के तहत उन्होंने स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से, पंचायत विभाग को सराला कलां के तालाब को गहरा करने, लोक निर्माण विभाग को सराला खुर्द से सराला कलां तक की सड़क मरम्मत और बरमा की सफाई का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सराला हेड के पुल के किनारों को तत्काल मजबूत करने को कहा गया। मंत्री ने राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कई प्रमुख सड़क परियोजनाओं का भी जायजा लिया, जिसमें उंटसर-लोहसिंबली (5.44 किमी), कपूरी-लोहसिंबली (17.50 किमी) और सराला कलां से हरियाणा बॉर्डर (1.13 किमी) तक की सड़कें शामिल हैं। उन्होंने इन सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। फीकी पड़ चुकी सड़कों पर सफेद पट्टियां लगवाएं
डॉ. बलबीर सिंह ने पीडब्ल्यूडी विभाग को फीकी पड़ चुकी सड़कों पर सफेद पट्टियां तुरंत लगाने के निर्देश दिए और कहा कि धुंध के मौसम में सफेद पट्टियां न होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा रहता है, इसलिए जिन सड़कों पर सफेद पट्टियां नहीं हैं, वहां तुरंत लगवाई जाएं। इस अवसर पर एसपी राजेश छिब्बर, एसडीएम राजपुरा अविकेश गुप्ता, एसडीएम दुधन साधा कृपालबीर सिंह, एक्सईएन नवीन मित्तल, डीडीपीओ शविंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


