पट्टे की मांग, सीएम की गाड़ी के सामने लेटा परिवार:सिवनी में पुलिस ने हटाया, कलेक्टर ने कहा- अपात्र थे; इसलिए आवेदन रिजेक्ट किया

सिवनी में मानेगांव तिराहे के पास बबरिया रोड पर सीएम की गाड़ी के आगे कुछ लोग लेट गए। ये भूमि के पट्टे की मांग कर रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने लोगों को सड़क से हटाया। इसके बाद सीएम का काफिला पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान की ओर रवाना हुआ। ये है पूरा मामला इस मामले ने कलेक्टर संस्कृति जैन ने बताया कि कुरई निवासी प्रीतम पिता तोखन डेहरिया को पहले ही पट्टे पर भूमि खसरा नंबर 149 रकबा 1.70 हेक्टेयर को खेल परिसर मैदान और भवन निर्माण के लिए आवंटित की गई थी। इसके बदले कुरई की भूमि खसरा नंबर 128 रकबा 0.56 हेक्टेयर प्रदाय की गई। शेष रकबा 1.40 हेक्टेयर भूमि देने डेहरिया ने आवेदन किया था। राजस्व प्रकरण में दर्ज कर प्रस्तुत दस्तावेजों का परीक्षण, सुनवाई में पाया गया कि “नजूल निर्वतन निर्देश 2020 के अध्याय 7 की कंडिका 129 के अनुसार भूमि केवल उन्हीं व्यक्तियों को आबंटित की जा सकेगी, जो भूमिहीन हो। लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति को पात्रता नहीं होगी, जिसने सरकार से आवंटित भूमि किसी अन्य को अंतरित कर दी होगी”। तोखन को दी गई भूमि में खेल परिसर निर्माण होने से बदले में कुरई गांव में भूमि 0.56 हेक्टेयर दान पत्र के माध्यम से विजय कुमार पिता रामरूप से तोखन ने प्राप्त की थी। उस भूमि का विक्रय भी कर दिया गया। साथ ही आवेदक द्वारा भूमि के बदले भूमि और सरकारी नौकरी देने के संबंध में किसी भी प्रकार के लिखित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। डेहरिया के पिता को शासन की दी गई भूमि का विक्रय करने और नजूल निर्वतन निर्देशन 2020 कंडिका 129 का उल्लंघन पर आवेदक भूमि प्राप्त करने की पात्रता नहीं रखता है। इसलिए आवेदक अपात्र होने के कारण प्रकरण निरस्त किया जा चुका है। लेकिन पट्टे की मांग को लेकर ये लोग सीएम की गाड़ी के सामने अचानक लेट गए थे। जिन्हें हटाकर समझाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *