हिमाचल के चंबा और पंजाब के दुनेरा में 2 दिन से हो रही बारिश के कारण पठानकोट-चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे 154-A धंस गया है। चंबा के दुनेरा के पास सड़क का करीब 20 मीटर हिस्सा पूरी तरह नीचे बैठ गया है। इसके बाद पठानकोट-चंबा-भरमौर NH पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई है। एक गाड़ी सड़क किनारे फंस गई है। हाईवे धंसने से पंजाब से रोजाना चंबा और कांगड़ा आने वाले दैनिक उपभोग की वस्तुओं दूध, दही, मक्खन, ब्रेड, अंडे व सब्जियों इत्यादि की सप्लाई पर भी बुरा असर पड़ा है। मणिमहेश यात्रा के श्रद्धालु भी नहीं आ पा रहे पंजाब के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा के लिए भी इसी हाईवे से भरमौर पहुंचते हैं। इसी तरह भरमौर, डलहौजी, बनीखेत इत्यादि पर्यटन स्थलों पर भी इसी NH से पंजाब से टूरिस्ट आते हैं। मगर अब सड़क बंद होने से यात्रियों का आना-जाना रुक गया है। NHAI ने मशीनरी भेजी वहीं नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने मौके पर सड़क की बहाली को मशीनरी भेज दी है। मगर क्षेत्र में निरंतर हो रही बारिश सड़क बहाली के काम में बाधा उत्पन्न कर रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दे रखी है।


