भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर के हरगोबिंद नगर इलाके में पड़ोसियों के बीच चल रहा पुराना विवाद शुक्रवार को उस समय गंभीर हो गया, जब बहस के दौरान एक युवक ने गुस्से में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्महत्या करने की कोशिश कर दी। गली में अचानक मची अफरा-तफरी के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पंजाब पुलिस के थाना डिवीजन नंबर-3 की टीम मौके पर पहुंची और हालात को शांत करवाया। जानकारी के अनुसार हरगोबिंद नगर की गली नंबर-8 में रहने वाले दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में तीखी बहस में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आए एक युवक ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया और आत्महत्या करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत उसे पकड़कर रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गली निवासी सोनिया वर्मा और उनके पति हैप्पी वर्मा ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी संजय बंसल अक्सर उनके परिवार के साथ झगड़ा करते हैं। सोनिया वर्मा का कहना है कि संजय बंसल उनकी बेटी का पीछा करते हैं और लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं। परिवार के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत पिछले साल 29 दिसंबर को पतंगबाजी के दौरान चाइना डोर को लेकर हुए झगड़े से हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन उसके बाद भी दोनों परिवारों के बीच तनाव बना रहा। परिवार का यह भी कहना है कि अब उन्हें समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वहीं संजय बंसल ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि वह करीब 45 वर्षों से इलाके में रह रहे हैं और उन्होंने कभी किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। बंसल के अनुसार उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह झूठे हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले भी इस मामले में अदालत जा चुके हैं और अब फिर से कानूनी कार्रवाई करेंगे। थाना डिवीजन नंबर-3 के सब-इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है।


