पतंगवाले चाचा के कमरे में ‘बड़े-बड़े दिग्गज’:मंत्रीजी को दिखाया दोनों हाथों का ‘हुनर’; शराब पार्टी से पहले पहुंचे नेताजी

नमस्कार आज मकर संक्रांति है। जयपुर में 42 साल से पतंग बना रहे अब्दुल चाचा ने दिग्गजों के कटआउट की पतंगें बनाईं। इनमें ट्रम्प और पुतिन से लेकर पीएम मोदी, शाह, ओवैसी, अखिलेश और राजस्थान के कई बड़े सियासी चेहरे हैं। युवा दिवस पर बीजेपी के सीनियर नेताजी ने युवाओं को खास संदेश दिया। दौसा में खेल मंत्रीजी की रात्रि चौपाल में अंधेरा छा गया। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. जयपुर में कतार में खड़े देश-दुनिया के दिग्गज जयपुर शहर के परकोटा इलाके की तंग गली के एक कमरे में अब्दुल चाचा अपने काम में लगे हैं। हर साल उन्हें मकर संक्रांति पर याद किया जाता है। अब्दुल गफ्फार अंसारी 42 साल से पतंग बना रहे हैं। नेताओं के कटआउट वाली पतंगें बनाने का शौक चढ़ा। जहां वे पतंग बनाते हैं वह कमरा किसी म्यूजियम से कम नहीं। यहां ट्रम्प-पुतिन और पीएम मोदी कतार में खड़े हैं। अमित शाह जी के कुर्ते का नाप लिया जा रहा है। सीएम हैं, डिप्टी सीएम हैं। पायलट हैं-गहलोत हैं। ओवैसी, उद्धव और अखिलेश भी हैं। सब हाथ बांधे खड़े हैं। गुलाबी शहर का आसमान रंगीन पतंगों से अटा है। ये बड़े-बड़े दिग्गज उड़ान नहीं भरेंगे। ये उड़ने के लिए नहीं हैं। अब्दुल चाचा के कमरे में खड़े रहेंगे। पक्ष-विपक्ष के नेताओं का इतनी खामोशी से कहीं और खड़े रहना संभव नहीं। हालांकि कमरे से निकलकर जयपुर में किसी भी मकान की छत पर चले जाइए। ‘वो काटा-वो मारा’ का ही शोर है। उधर, अहमदाबाद में पीएम मोदी ने राजस्थान के कलाकार की ट्रेन काइट खूब उड़ाई। वो भी जर्मनीवाले दोस्त के संग। वहां ‘काई पो छे’ का शोर खूब सुना गया। 2. प्रतिभा की रोशनी और पत्थर की चमक.. रोशनी कई तरह की होती है। एक रोशनी झुंझुनूं की प्रतिभाशाली छात्रा वंशिका शर्मा की है। जयपुर में युवा महोत्सव में वंशिका ने प्रतिभा की चमक बिखेरी। खेल मंत्रीजी के पास बैठकर वंशिका ने दोनों हाथों से पहाड़े (टेबल) लिखना शुरू किया। हर हाथ से अलग पहाड़ा लिखा। मंत्रीजी ने मोबाइल पर टाइमर सेट किया। वंशिका का हुनर देख मंत्रीजी खुश हुए। वहां खड़े लोगों ने भी ताली बजाकर बिटिया का उत्साह बढ़ाया। रोशनी बिजली से भी होती है। बिजली गुल तो रोशनी गुल। दौसा में यही हुआ। खेल मंत्रीजी रात्रि चौपाल कर रहे थे। बत्ती गुल हो गई। अंधकार छा गया। अधिकारियों ने टैबलेट से रोशनी की। कुछ अफसरों ने मोबाइल की टॉर्च जला ली। जनरेटर का इंतजाम पहले से था। जनरेटर स्टार्ट करने की कोशिश की गई। जनरेटर क्षणिक आभा बिखेरकर कई बार बंद हुआ। इस दौरान अंधेरे में ही पत्थर व्यवसायी मंच के बिल्कुल सामने खड़े होकर सिकंदरा के पत्थर की चमक का बखान करते रहे। 3. सीनियर नेताजी का युवाओं को मैसेज.. वे भाजपा के सीनियर नेता हैं। उनका नाम राजेंद्र राठौड़ है। उम्र लगभग 70 साल। युवा दिवस पर राठौड़ साहब ने वीडियो शेयर किया। युवाओं को संदेश दिया शरीर को स्वस्थ रखो। क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग रहता है। इसके साथ उन्होंने प्रधानमंत्रीजी के सपने का जिक्र करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि इंडिया को फिट रहना है। वीडियो में राठौड़ साहब का वर्कआउट भी दिख रहा है। वे उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए काफी एक्सरसाइज कर रहे हैं। समर्पित कार्यकर्ता को बहुत एक्सरसाइज करनी पड़ती है। युवा कार्यकर्ता को समझना चाहिए। आपकी उम्र कितनी भी हो जाए, आपकी एक्सरसाइज नहीं रुकनी चाहिए। राठौड़ साहब भी पार्टी के लिए भाग-दौड़ करने में कमी नहीं छोड़ते। फिट रहना जरूरी है, राजनीति में पता नहीं कब कौन सी बड़ी जिम्मेदारी मिल जाए। तो युवा कार्यकर्ता राठौड़ साहब का वीडियो देखें, सुनें और मेहनत करें। 4. चलते-चलते… ठंड जोरदार पड़ रही है। हर कोई अपनी हैसियत से ठंड से बचाव कर रहा है। जो नहीं कर पा रहा है, उनके लिए सरकार ने इंतजाम किए हैं। शहर-शहर में रैनबसेरे बनाए हैं। अधिकारी-जनप्रतिनिधि रैनबसेरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देख रहे हैं। भामाशाह गर्म वस्त्रों का दान कर रहे हैं। ऐसा ही एक रैनबसेरा पाली के महालक्ष्मी मंदिर के सामने लगा। कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह अचानक जांच परख करने पहुंच गए। वहां सफाई कर्मचारी अपने दो दोस्तों के साथ मजे से शराब पार्टी कर रहा था। विधायक-जिलाध्यक्ष को देख उसने शराब छुपाने की कोशिश की। लेकिन पकड़ा गया। विधायक भाटी को ऐसे माहौल में भी व्यंग्य सूझा। बोले- एक पैग हमारे लिए बना दो। इसके बाद उन्होंने लड़कों को खूब फटकारा। खैर, बात नगर निगम आयुक्त तक पहुंची। वो वही बोले, जिसकी उम्मीद थी-नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। (इनपुट सहयोग- ओम टेलर (पाली), इम्तियाज भाटी (झुंझुनूं), राघवेंद्र गुर्जर (दौसा)।) वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *