पतंग लूटने के चक्कर में तीसरी मंजिल से गिरा युवक:धार में छत से गिरकर बिजली के तारों पर उलझा युवक, हालत गंभीर, आईसीयू में भर्ती

धार शहर में मकर संक्रांति पर्व के दौरान एक गंभीर हादसा सामने आया है। पतंग लूटने के प्रयास में एक युवक तीसरी मंजिल से गिर गया और बिजली के तारों की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नौगांव क्षेत्र में राम मंदिर के सामने हुई। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र चौहान अपने पड़ोसी की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग पकड़ने के लिए वह दौड़ा, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। तारों पर जा गिरा युवक, आईसीयू में भर्ती गिरते समय जितेंद्र सीधे बिजली के तारों पर जा गिरा, जिससे उसे तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। इसके बाद वह तारों से नीचे गिरते हुए पहले एक ठेलागाड़ी पर गिरा और फिर जमीन पर आ गया। हादसे में युवक के एक पैर में गंभीर चोट आई है, साथ ही शरीर के कई हिस्सों में झुलसने के निशान हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। परिजन घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *