सीकर के कोतवाली थाना इलाके में चाइनीज मांझे से करंट की चपेट में आने से 15 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा पतंग लूट रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। फिलहाल बच्चे के शव को एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक बच्चे का नाम प्रिंस(15) पुत्र संतोष कुशवाहा निवासी नोगमा, मध्यप्रदेश है। जो आज पतंग लूट रहा था। इसी दौरान तिलक नगर में वह एक निर्माणाधीन मकान की छत पर चढ़ा। जहां पर वह चाइनीज मांझे से पास से ही गुजर रही बिजली की 11 हजार केवी की लाइन पर से पतंग निकल रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट इतनी ज्यादा खतरनाक थी कि बच्चे के दोनों हाथ और पेट का कुछ हिस्सा भी जल गया। सूचना पर सीकर की कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिन्होंने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। ASI राधेश्याम मीणा के अनुसार पतंग लूटने के दौरान यह घटना हुई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मृतक प्रिंस के पिता संतोष सीकर में बायोस्कोप मॉल के सामने ही पिछले करीब एक दशक से अंडे का ठेला लगाते हैं। प्रिंस गांव में पढ़ाई कर रहा था। जो बीते दिनों यहां पिता के पास आ गया था। आज ठेले पर आने के बाद वह पतंग लूटने चला गया और इसी दौरान यह हादसा हो गया। आपको बता दें कि चाइनीज मांझे की बिक्री अवैध है। इसके बावजूद भी शहर में चाइनीज मांझा बिक रहा है। बीते दिनों सीकर में नगर परिषद की टीम ने धोद रोड इलाके में एक दुकान पर दबिश देते हुए 500 से ज्यादा चाइनीज मांझे की चरखी जब्त की थी। लेकिन इसके बाद वह अभियान भी ठंड पड़ गया। वही सीकर पुलिस ने अब तक चाइनीज मांझे के खिलाफ कोई भी बड़ी कार्रवाई नहीं की है। जबकि इससे पहले 23 दिसंबर को सीकर में रामलीला मैदान इलाके में एक युवक भी मांझे की चपेट में आने के चलते घायल हो गया था।


