पति की मौत के बाद शव लेकर ससुराल पहुंची पत्नी की पिटाई

भास्कर न्यूज | गुमला सदर थाना क्षेत्र के वृंदा नायक टोली में रविवार को नहाने के क्रम में तालाब में डूबने से सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के रहने वाले संदीप लोहरा की मौत हो गई थी। संदीप की मौत के बाद सोमवार को जब उसकी पत्नी बलकी देवी, सास व ससुर व एक अन्य शव लेकर कोलेबिरा पहुंचे तो पति के परिजन उन लोगों से उलझ गए। संदीप के परिजनों ने उसकी मौत के लिए पत्नी व सास-ससुर को जिम्मेवार मानते हुए लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं परिजनों ने पत्नी को निर्वस्त्र कर दिया। साथ ही पत्नी का बाल काटने का प्रयास किया गया। इस बीच मौका पाकर सभी वहां से जान बचाकर भाग निकले। इसके बाद अपने गांव नायक टोली पहुंचकर घटना की जानकारी दी। फिर परिजन देर रात इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। पत्नी ने बताया कि दोनों दंपती मजदूरी कर तीन बच्चों की परवरिश कर रहे थे। मगर काम नहीं मिलने पर वह पति के साथ कोलेबिरा से अपने मायके वृंदा नायक टोली आ गई थी। इसके बाद रविवार को काम की तलाश में दोनों पति पत्नी शहर की ओर आए थे। काम नहीं मिलने पर गांव वापस लौट गए थे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे वह पति के साथ कपड़े धोने व नहाने के लिए गांव के ही तालाब में गए थे। जहां पति नहाने के क्रम में तालाब में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई थी। वहीं शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पत्नी ने आरोप लगाते हुए कहा कि शव लेकर ससुराल पहुंचने पर लोगों ने जमकर पिटाई की और इस दौरान कपड़ा खींचकर निर्वस्त्र कर दिया गया। पत्नी ने कहा कि उनके तीन बच्चे हैं, वह अपने पति को क्यों मार सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *