पति के होते हुए लेती रही पेंशन, 5 माह की जांच के बाद मामला दर्ज किया

लुधियाना| पति के जीवित होने के बावजूद खुद को विधवा बताकर सरकारी पेंशन और योजनाओं का लाभ लेने का मामला सामने आया है। पर्दाफाश तब हुआ, जब महिला के दूसरे पति को उसके दस्तावेजों पर शक हुआ और उसने जांच करवाई। पुलिस ने अब आरोपी महिला के खिलाफ फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकार को धोखा देने का केस दर्ज कर लिया है। मामला थाना डाबा के अंतर्गत बसंत नगर इलाके का है। शिकायतकर्ता मोहित सिका ने बताया कि साल 2023 में उसकी दूसरी शादी रमनदीप कौर से हुई थी। शादी के बाद रमनदीप कौर अपने परिवार और पहली शादी से हुए बच्चों के साथ उसके घर पर रहने लगी। शुरुआत में चुन्नी चढ़ाकर शादी हुई थी, लेकिन जब विवाह रजिस्ट्रेशन की बात आई तो रमनदीप कौर दस्तावेज देने से टालमटोल करने लगी। इस पर मोहित को शक हुआ और उसने महिला की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच में सामने आया कि रमनदीप कौर अपने पहले पति की मौत दिखाकर विधवा पेंशन स्कीम सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ ले रही थी, जबकि उसका पति जीवित था। मामले की शिकायत जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी (डीएसएसओ) को दी गई। करीब 5 महीने तक चली जांच के बाद आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला रमनदीप कौर के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजनाओं का गलत लाभ लेने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *