इंदौर के एरोड्रम इलाके में 9 जनवरी की सुबह पति-पत्नी में विवाद हो गया। इस दौरान पति ने पत्नी का गला दबा दिया। जब उसकी सांसें बंद हो गईं, तो पति उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला दबाने और मारपीट के निशान सामने आए। इसके बाद पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान पति टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल की। डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि मृतका की पहचान सुमित्रा चौहान (40 वर्ष), निवासी शुभम नगर के रूप में हुई है। मृतका के पति माधव चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। संबंध बनाने से किया था इनकार पुलिस के अनुसार, 9 जनवरी को सुमित्रा की मौत हुई थी। दूसरे दिन शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद डीसीपी को जानकारी दी गई। मामले में माधव को थाने बुलाया गया। शुरू में उसने घटना से इनकार किया, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि शादी के बाद सुमित्रा करीब आठ साल से उसके साथ संबंध नहीं बना रही थी। इसी कारण गुस्से में उसने पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने माधव चौहान को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


