छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 2 महिलाओं ने संपत्ति के लालच में अपने ही पति और भाई की अस्थि का विसर्जन नहीं होने दिया। पत्नी और बहन दोनों अपने हिस्से की जायदाद मांगते हुए शमशान घाट से अस्थि उठाकर ले गए। जिसके बाद प्रभावित बच्चे थाने पहुंचे। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। थाने में खाली मटका लेकर पहुंचे मासूमों ने पुलिस से कहा कि उनकी मां और बुआ संपत्ति हड़पने के लिए अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में बाधा डाल रही हैं। उन्होंने अस्थियां वापस दिलाने के साथ ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अब जानिए पूरा मामला भारतीय नगर के रहने वाले आलोक ठाकरे के पिता अशोक ठाकरे और मां की मौत हो चुकी है। आलोक ठाकरे की बहन ज्योति पांडेय ने अंर्तराजातीय विवाह कर लिया है। वहीं, आलोक ठाकरे की शादी खुशबू उर्फ अन्नू ठाकुर के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे प्रथमेश (12) और एक पांच साल की बच्ची है। बताया जा रहा है कि दो-तीन साल पहले उसकी पत्नी खुशबू अपने पति और बच्चों को छोड़कर गायब हो गई, जिस पर आलोक ने उसकी काफी तलाश की। साथ ही सिविल लाइन थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में उन्होंने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका भी लगाई थी। पिता की मौत, मासूम बेटे ने मोहल्ले वालों के साथ किया अंतिम संस्कार इस दौरान आलोक अकेले अपने बेटे-बेटी की देखभाल करता रहा। बीते 15 जनवरी को उनका निधन हो गया। जिसके बाद बेटे प्रथमेश ने मोहल्लेवालों व केयर टेकर मयंक वर्मा के साथ मिलकर भारतीय नगर मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया। तब उनकी मां और बुआ समेत कोई रिश्तेदार नहीं आए। मुक्तिधाम से चोरी कर ले गई अस्थियां आरोप है कि 17 जनवरी को जब बच्चे और मोहल्लेवाले अस्थि संचय के लिए मुक्तिधाम पहुंचने वाले थे, उससे पहले ही मृतक की पत्नी खुशबू ठाकुर और उसकी बहन ज्योति पाण्डेय वहां पहुंच गईं। दोनों ने मुक्तिधाम में ठंडे पड़ चुके चिता से अस्थियों को बटोरा और झोले में भरकर ले गईं। सीसीटीवी फुटेज में अस्थियां ले जाती दिखीं दोनों जब बच्चे और मोहल्लेवाले मुक्तिधाम पहुंचे, तब अस्थियां गायब मिली, जिस पर उन्होंने मुक्तिधाम परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सीसीटीवी वीडियो में दोनों महिलाएं अस्थियां चोरी कर ले जाती दिखीं। इसकी जानकारी होने पर बच्चों ने गंगा में प्रवाहित करने अपनी मां से पिता की अस्थियां मांगी। उन्होंने अस्थियां देने से साफ इनकार कर दिया। जिससे परेशान होकर उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत की है। संपत्ति विवाद और बच्चों को छोड़ने का आरोप बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनकी मां पिछले 2-3 साल से उन्हें पिता के पास छोड़कर कहीं चली गई थी। पिता अकेले उनका पालन-पोषण कर रहे थे। बच्चों का आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद अब उनकी मां केवल संपत्ति और पैसों के लालच में वापस आई है और उन्हें प्रताड़ित कर रही हैं। मां और बुआ पर कार्रवाई की मांग मृतक के मासूम बच्चों ने अपने संरक्षक मयंक वर्मा के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से धार्मिक कार्यों में बाधा डालने और अस्थियां चोरी करने वाली बुआ और मां पर कार्रवाई और पिता की अस्थियां दिलाने की मांग की है। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई सिविल लाइन टीआई एसआर साहू का कहना है कि मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा है। श्मशान घाट के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ……………………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… 6 इंच जमीन के लिए फरसा से गला काटने का..VIDEO: भतीजे के वार करते ही जमीन पर गिरा चाचा, थाने पहुंचकर बोला- मैंने उसे मार-डाला छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 6 इंच जमीन के लिए भतीजे ने फरसे से चाचा का गला काट दिया। गितकेरा गांव में 2 भाइयों के बीच घर बनाने को लेकर विवाद हुआ। दोनों भाई का घर अगल-बगल में है। बड़ा भाई घर बनवा रहा था। आरोप है कि उन्होंने छोटे भाई के घर की 6 इंच जमीन पर कब्जा कर लिया था। पढ़ें पूरी खबर…


