जशपुरनगर | पत्थलगांव की एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी को बुधवार शाम समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। यह आयोजन उनके दो वर्षों के सफल कार्यकाल के सम्मान में किया गया, जिसमें विकासखंड के सभी विभाग प्रमुख, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि आकांक्षा त्रिपाठी ने अपने दो साल के कार्यकाल में प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा के प्रति अपने समर्पण से क्षेत्र में गहरी छाप छोड़ी। अपने विदाई भाषण में आकांक्षा त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में डिप्टी कलेक्टर प्रियंका रानी गुप्ता ने सभी विभागों की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर आकांक्षा त्रिपाठी का सम्मान किया। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वे जहां भी जाएंगी, उसी लगन और निष्ठा से सेवा करती रहेंगी तथा अपनी कार्यशैली से विशेष पहचान बनाए रखेंगी।


