छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्थलगांव पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुनकुरी निवासी 28 वर्षीय ज्ञानेश्वर सिदार के रूप में हुई है। पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल के अनुसार, पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि ग्राम इंजको के पास एक युवक देशी कट्टा लेकर घूम रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पैंट की दाहिनी जेब से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी को हथियार कहां से मिला और वह इसका उपयोग किस उद्देश्य से करने वाला था।


