पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार:27 दिनों से था फरार, चरित्र शंका में हंसिया से गर्दन काट पत्नी को मार डाला था

सागर में राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टेहरा-टेहरी में हंसिया से पत्नी की गर्दन काटकर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार था। जिसे पुलिस ने 27 दिन बाद राहतगढ़ क्षेत्र से पकड़ लिया है। पुलिस थाने लाकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार 27 नवंबर को ग्राम टेहरा-टेहरी में राधारानी साहू उम्र 65 साल का शव घर की दहलान में पड़ा मिला था। शव पर गर्दन नहीं थी। जमीन पर खून फैला पड़ा था। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की। धड़ का पंचनामा बनाया और सिर की तलाश शुरू की। इसी दौरान वारदातस्थल से करीब 600 मीटर दूर ज्वालादेवी मंदिर मार्ग पर स्थित पेड़ की टहनियों के बीच मृतका का सिर रखा हुआ मिला था, जिसे पुलिस ने जब्त किया। वारदात के बाद से फरार था आरोपी
मामले में पुलिस ने मृतक के पति खूबचंद साहू उम्र 70 साल के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार था। पुलिस टीमों ने आरोपी की जंगल में सर्चिंग की। जिले समेत आसपास के जिलों में स्थित तीर्थस्थल और नर्मदा घाटों पर आरोपी की तलाश की गई है। लेकिन आरोपी नहीं मिला। इसी बीच पुलिस ने राहतगढ़ क्षेत्र से मुखबिर की सूचना पर आरोपी पति खूबचंद को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी पर शंका करता था आरोपी
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पति और मृतका पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वो पत्नी को गांव में भी अकेला नहीं जाने देता था। आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था। वारदात की रात आरोपी पति और मृतका पत्नी गांव में भजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। रात करीब 1 से 1.30 बजे के बीच लोगों ने दोनों को साथ देखा था। जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद में आरोपी पति ने हंसिए से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *