पत्नी के साथ ससुराल गया आरक्षक, चोरों ने घर से एके-47 राइफल व 90 कारतूस की चोरी की

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के गांधीनगर इलाके में बलरामपुर जिले से अपने घर आए पुलिस विभाग के आरक्षक का शासन से प्राप्त एके-47 राइफल और 90 कारतूस चोर चोरी कर फरार हो गए। इसके अलावा आरक्षक आशीष तिर्की के घर से चोरों ने सोने-चांदी के जेवर व कुछ कैश भी ले गए। आरक्षक बलरामपुर जिले में पदस्थ है और जिला पंचायत सीईओ के यहां सुरक्षा में उसकी ड्यूटी लगाई गई थी। वह सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के साथ 30 मार्च को अंबिकापुर आया। इसके बाद एके-47 राइफल व 90 कारतूस लेकर अपने घर गांधीनगर रहने चला गया। घर में उसकी पत्नी थीं। यहां से 1 अप्रैल को घर में ताला बंदकर वह पत्नी के साथ ससुराल बटईकेला चला गया। इस दौरान घर में चोर घुसे। इसके बाद आलमारी में रखी एके-47 राइफल, 90 कारतूस व सोने चांदी के जेवर व 500 रुपए कैश लेकर चोर फरार हो गए। घटना के बारे में दूसरे दिन 2 अप्रैल को तब पता चला, जब आरक्षक की मां कोरबा से गांधीनगर अपने घर पहुंचीं। आरक्षक ने ससुराल जाने के लिए घर के मेन दरवाजे में ताला बंदकर सामने बने कीच में रखे फ्रीज में चाबी रख दी थी। किचन में ताला बंद कर इसकी चाबी उसने स्कूटी के पायदान के नीचे रख दिया था। आरक्षक के अनुसार इसके बारे में सिर्फ घर के सदस्यों को ही पता रहता है। घर के सामने में लगे मेन गेट के ताले की एक चाबी उसके मां के पास भी रहती है। बता दें कि पुलिस विभाग से ड्यूटी के लिए पुलिसकर्मियों को जो हथियार दिया जाता है, उसे वे अपने साथ रख सकते हैं। पुलिस रेग्यूलेशन एक्ट के अनुसार यदि वह अपने जिले से किसी दूसरे जिले में शासकीय काम से जाता है, तो हथियार उसे पास के थाने या पुलिस लाइन में जमा करना होता है। फिर वापसी के समय वह अपना हथियार संबंधित जगह से लेकर वापस अपने साथ ले जाएगा। आरक्षक की मां ने बेटे-बहू को चोरी की जानकारी दी आरक्षक की मां गेट खोलकर अंदर पहुंची तो पूरा सामान अंदर बिखरा था। उन्होंने बेटे को फोनकर बताया तो वह पत्नी के साथ आनन-फानन में घर पहुंचा। उसने गांधीनगर थाने में सूचना दी। पहले तो पुलिस को भी इस पर विश्वास नहीं हुआ, क्योंकि चाबी से ताले को खोला गया था। पुलिस ने पूरी रात इधर-उधर तलाश की। आरक्षक से पूछताछ की, लेकिन चोरी किए गए हथियारों के बारे में पता नहीं चला। घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया हुआ है। नियमों के अनुसार आरक्षक पर कार्रवाई की जाएगी ^घटना के बारे में पता चला है। मामले की जांच कराई जा रही है। किसी पुलिसकर्मी को हथियार प्रोफेशनल वर्क के लिए ईश्यू होता है। वह किन परिस्थितियों में हथियार लेकर घर गया और कैसे चोरी हुई, इन सब बातों की जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमों के अनुसार आरक्षक पर कार्रवाई होगी। वैभव वैंकर, एसपी, बलरामपुर अभी कुछ सुराग नहीं मिला ^मामले को चोरी ही मानकर चल रहे हैं और आरोपी की तलाश की जा रही है। चाबी से ताले खोले गए हैं, इससे कई तरह की संभावना जताई जा रही है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। हालांकि, अभी कुछ सुराग नहीं मिला है। योगेश पटेल, एसपी, सरगुजा पुलिस खंगाल रही सीसी फुटेज, कोई सफलता नहीं मिली एके-47 राइफल के साथ 90 कारतूस चोरी होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। ये हथियार किसी अपराधी के हाथ लगा होगा तो वह किसी भी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है और वह किसी भी हालत में चोरी किए गए हथियार को जब्त करने में जुटी है। पुलिस की टीम सीसी कैमरों का फुटेज खंगाल रही है, ताकि कहीं से भी कुछ लिंक मिल जाए, लेकिन शाम तक कोई भी सफलता नहीं मिली थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *