भास्कर न्यूज| टिटिलागढ़ जिले के बुरबंधा गांव से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी को धोखे से बेच दिया। पिछले 10 साल से अपनी मां की राह देख रही तीन बेटियों की गुहार और सोशल मीडिया पर वायरल हुए पीड़िता के वीडियो के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है। जानकारी के मुताबिक बुरबंधा गांव के प्रेमा महानंद ने जगुआ गांव की हस्ता बीसी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वे मुंबई चले गए, जहां उनकी तीन बेटियां हुईं। कुछ समय बाद गांव लौटने पर प्रेमा ने तीनों बेटियों को अपने बुजुर्ग माता-पिता के पास छोड़ दिया और हस्ता को पैसे कमाने का लालच देकर दोबारा मुंबई ले गया। यहां उसने अपनी पत्नी हस्ता को एक अन्य परिवार को सौंप दिया। वह परिवार हस्ता को अपने साथ दुबई ले गया। पिछले सात सालों से हस्ता दुबई में फंसी हुई है। पीड़िता ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर केंद्र सरकार से उसे बचाने की गुहार लगाई है। वापसी की कोशिशें तेज उप-जिला कलेक्टर ने आश्वस्त किया है कि हस्ता को सुरक्षित भारत वापस लाने सभी कूटनीतिक और कानूनी प्रयास किए जा रहे हैं। लंबे इंतजार के बाद अब वह घड़ी नजदीक आती दिख रही है जब मां और बेटियों का मिलन होगा।


