`पत्नी खाना लेकर बैठी होगी` कहकर निकले जवान की मौत:भोपाल से राजगढ़ लौट रहा था CRPF जवान, बाइक पेड़ से टकराई, हादसे के पहले दोस्त को छोड़ा था

घर पर पत्नी खाना लेकर इंतजार कर रही होगी… यह कहकर दोस्त से विदा लेने वाले CRPF जवान को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी बात साबित होगी। पांच दिन की छुट्टी लेकर गांव लौट रहे CRPF जवान की शनिवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान हालाहेड़ी गांव निवासी 35 वर्षीय सुरेश वर्मा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भोपाल में CRPF में पदस्थ था। हादसा हालाहेड़ी गांव से महज डेढ़ किलोमीटर पहले तालाब के पास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे नीम के पेड़ से टकरा गई। भोपाल से बाइक से निकले थे दोनों दोस्त
सुरेश वर्मा शनिवार को पांच दिन की छुट्टी लेकर भोपाल से गांव लौट रहा था। उसके साथ CRPF में ही पदस्थ उसका दोस्त रामेश्वर दांगी भी था, जो हिनोत्या गांव का निवासी है। दोनों दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाइक से रवाना हुए थे। रामेश्वर दांगी के मुताबिक, रास्ते में सुरेश की पल्सर बाइक के हैंडल और कुछ पार्ट्स ढीले महसूस हो रहे थे। एहतियात के तौर पर दोनों एक शोरूम पर रुके और मैकेनिक से बाइक की मरम्मत करवाई। इसके बाद वे धीरे-धीरे आगे बढ़े। शाम करीब साढ़े 7 बजे खिलचीपुर पहुंचकर सब्जी भी खरीदी। पत्नी के साथ खाने की बात कहकर हुआ विदा
खिलचीपुर से आगे बढ़ते हुए सुरेश ने अपने दोस्त रामेश्वर को हिनोत्या में उसके घर छोड़ दिया। रामेश्वर ने उसे खाना खाने के लिए रोका, लेकिन सुरेश ने मुस्कराते हुए कहा- “घर पर रीना खाना लेकर इंतजार कर रही होगी, आज उसी के साथ खाना खाऊंगा।”
इसके बाद वह अकेला गांव की ओर निकल गया।
हिनोत्या से निकलने के कुछ ही मिनट बाद हालाहेड़ी गांव से पहले तालाब के पास मोड़ पर हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक नीम के पेड़ से टकरा गई। बाइक के अगले हिस्से के टुकड़े सड़क पर बिखर गए, अगला टायर टूटकर अलग जा गिरा और हेलमेट भी टूट हो गया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। घर में इंतजार, अस्पताल से आई मौत की खबर
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सुरेश को तुरंत खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस वक्त घर में उसके आने की तैयारी चल रही थी, उसी समय अस्पताल से मौत की खबर पहुंची। गांव में जवान की मौत से शोक का माहौल है। CRPF जवान सुरेश वर्मा एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखता था। उसके पिता बापू वर्मा खेती-किसानी करते हैं। परिवार में मां, बड़े भाई मुकेश वर्मा और अन्य परिजन हैं। सुरेश की शादी वर्ष 2009 में भूमका गांव निवासी रीना वर्मा से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं-रोहित (7) और कार्तिक (3)। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी रीना बेसुध हो गई, जबकि दोनों मासूम बच्चे यह समझ ही नहीं पा रहे हैं कि उनके पिता अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। सुबह हुई थी आखिरी बातचीत
बड़े भाई मुकेश वर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह ही सुरेश से फोन पर बात हुई थी। वह काफी खुश था और कह रहा था कि रविवार को पूरा परिवार दूधी स्थित राधा स्वामी सत्संग आश्रम जाएगा। माता-पिता और बच्चे पहले ही सत्संग के लिए निकल गए थे और सुरेश के गांव पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। लेकिन रात में अचानक सड़क हादसे की सूचना मिल गई। गांव के लोगों के मुताबिक, सुरेश बेहद मिलनसार, शांत और हंसमुख स्वभाव का व्यक्ति था। छुट्टी में गांव आने पर वह हर किसी से आत्मीयता से मिलता था। पिछले सात-आठ महीनों से वह आध्यात्मिक जीवन की ओर अधिक झुक गया था। उसने मांसाहार छोड़ दिया था और गुरु नाम लेने तथा सत्संग में जाने की बात करता रहता था। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती और आरक्षक राजीव गुर्जर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। रविवार सुबह करीब 8 बजे खिलचीपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद जवान का अंतिम संस्कार गांव में किया जाएगा। घटना के बाद पूरे हालाहेड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है। हर आंख नम है और हर जुबान पर एक ही सवाल है—जो जवान रोज देश की सुरक्षा में तैनात रहता था, उसकी जिंदगी अपने ही गांव की सड़क पर इस तरह कैसे खत्म हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *