पत्नी-बच्चों के सामने बन गई जल समाधि:जबलपुर के युवक की शुकरी में मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

समझा जा सकता है, वो कैसा मंजर होगा, जब पत्नी और बच्चों के सामने किसी की जान निकल जाए, और वो देखते रहे। घटना हुई है मध्यप्रदेश के जबलपुर में जहां 36 वर्षीय एक युवक परिजनों के सामने ही गहरे पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। जबलपुर के मंडी मदार टेकरी में रहने वाले आजाद अंसारी रविवार को पत्नी और दो बच्चों के साथ छोटे भाई की ससुराल शुकरी गए थे, जहां पर नर्मदा नदी में नहाने के दौरान पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतक आजाद नगर निगम जबलपुर में गाड़ी चलाते थे। 24 घंटे बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर उनका शव सोमवार की शाम को मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची बरगी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। रविवार को छुट्टी थी, लिहाजा परिवार वालों के अचानक ही प्लान बना कि कहीं घूमने चलते थे। परिजनों ने कहा शुकरी चलते हैं, जिसके बाद आजाद अंसारी और छोटे भाई का परिवार निकल आया। रविवार दोपहर को खाना खाने के बाद आजाद पत्नी,दोनों बच्चे और अन्य रिश्तेदारों के साथ नर्मदा नदीं पहुंचे। घाट के किनारे सभी लोग नहा रहे थे, इस बीच अचानक ही आजाद का पैर फिसला और पानी का बहाव अधिक होने के कारण पलक झपकते ही वह पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद आजाद के भाई और अन्य रिश्तेदारों ने उसे बचाने की कोशिश की,लेकिन सफल नहीं हो पाए। घटना की जानकारी फौरन परिजनों ने बरगी थाना पुलिस को दी, जिसके बाद जबलपुर से एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पहुंची और उसे तलाश करना शुरू किया, अंधेरा होने के कारण रविवार को रेस्क्यू रोक दिया गया। सोमवार को फिर से छह सदस्यीय टीम ने आजाद को तालाश करना शुरू किया। घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर सोमवार की शाम को उनका शव मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *