नरसिंहपुर में पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने कहा कि पत्नी और उसके मायके वालों ने साफ शब्दों में कह दिया था- “तू मर भी जाएगा तो हम नहीं आएंगे।” इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। घटना नरसिंहपुर जिले के खैरी नाका गांव की है। मृतक की पहचान प्रमोद मेहरा (30), पुत्र पतिराम मेहरा, निवासी कोतवाली थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। वह चावरा विद्यापीठ स्कूल में इलेक्ट्रिशियन था। आत्महत्या से पहले प्रमोद ने फेसबुक पर वीडियो डालकर पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए और न्याय की गुहार लगाई। युवक की शादी 2020 में हुई थी। विवाद के बाद पत्नी को ले गए थे ससुरालवाले
वीडियो में प्रमोद ने कहा “भैया, मैं बहुत परेशान हूं। आठ तारीख को मेरी पत्नी से थोड़ी कहासुनी हुई थी। सिर्फ बहस हुई थी, कोई मारपीट नहीं हुई। इसके बाद ससुराल वाले आए और मेरी पत्नी को अपने साथ ले गए। अब वे उसे वापस भेजने के लिए तैयार नहीं हैं। मेरी पत्नी कह रही है कि ‘तू मर जाएगा तो भी हम नहीं आएंगे, तेरी किसी चीज में मेरा कोई हक नहीं है।’ मैंने बच्चों को देने की बात की, लेकिन मेरी दोनों बच्चियों को भी नहीं दिया गया। मैं मानसिक रूप से बहुत टूट चुका हूं। मेरे हालात के लिए ससुराल वाले जिम्मेदार हैं। वे मेरी पत्नी को भड़काकर मेरे पास आने नहीं दे रहे हैं। सबसे ज्यादा सोहन नाम का व्यक्ति भड़का रहा है। इसके अलावा मेरे ससुर, जेठानी और जीतू नाम का एक व्यक्ति भी इसमें शामिल हैं। इन लोगों ने मेरा घर उजाड़ दिया है। मैंने कभी अपनी पत्नी को किसी चीज के लिए परेशान नहीं किया। घर की जरूरत का सारा सामान मैं उपलब्ध कराता हूं। परसों भी मैं पत्नी और बच्चों को लेने गया था, लेकिन कल शाम को साफ कह दिया गया कि ‘तू मर जाएगा तो भी हम साथ नहीं जाएंगे।’ मुझे न्याय चाहिए।” युवक की मां ने कहा- ससुराल में की मारपीट
मृतक की मां कुसुम बाई ने बताया कि मंगलवार को प्रमोद अपनी पत्नी को लेने ससुराल बगासपुर गया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई और पत्नी ने साथ आने से इनकार कर दिया। बुधवार रात करीब 9 बजे वह ससुराल से लौटा। उसी रात परिवार पिपसरा गांव में था, तभी छोटे बेटे ने फोन कर सूचना दी कि प्रमोद ने फांसी लगा ली है। परिजन तुरंत खैरी नाका स्थित घर पहुंचे, जहां प्रमोद का शव पलंग पर पड़ा मिला। पुलिस मौके पर मौजूद थी। शव को जिला अस्पताल ले जाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और वीडियो समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


