गुना के कैंट इलाके में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने रूममेट पर हमला कर दिया। रूममेट की पत्नी भाग गई थी। इसी बात पर बाकी दोस्त उसे चिड़ा रहे थे। उसने मना किया, तो तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैंट थाने में दर्ज FIR के अनुसार सोनू भील(26) पुत्र प्रभुलाल भील उम्र 26 साल निवासी धाकड़ किराना वाली गली रशीद कॉलोनी ने शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि बुधवार की रात करीबन 7-8 बजे की बात है। वह अपने किराये के मकान में था। तभी उसके साथ रहने वाले गोलू भील, अजय भील और दिनेश भील दारू पीकर आये। तीनों लोग सोनू की पत्नी के भाग जाने को लेकर उसे चिढाने लगे। सोनू ने कहा कि मुझसे मत बोलो, तो तीनों गालियां देने लगे। सोनू ने गालियां देने से मना किया, तो तीनों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। उसके साथ लाठियों से मारपीट की। इससे उसके सिर और अंक में खून निकलने लगा। चिल्लाचोट सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोग आए तो तीनों भाग गए। पड़ोसियों ने कैंट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाने से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में युवक का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने गोलू, अजय और दिनेश भील के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है।


