सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में लापता रामबिलास कोल का शव रेत में दबा मिला है। रविवार दोपहर ग्राम रामडीह में सोन नदी किनारे शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान ग्राम रामडीह निवासी रामबिलास कोल के रूप में हुई, जो पिछले दो दिनों से लापता थे। मृतक के बड़े भाई श्यामलाल कोल ने बताया कि रामबिलास दो दिन पहले अपनी पत्नी अनीता कोल से विवाद के बाद घर से निकल गए थे। परिजनों ने रिश्तेदारों और आस-पास के गांवों में उनकी काफी खोजबीन की थी। आज ग्रामीणों ने सोन नदी के किनारे रेत में दबे शव को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव उनके घर से करीब 8 किलोमीटर दूर सोन नदी के किनारे रेत में दबा हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर थी, जिससे रेत बहकर आई और संभवतः उसी में रामबिलास दब गए होंगे। थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारण (दुर्घटना, हत्या या आत्महत्या) का खुलासा होगा।


